Block Deal : रिटेल सेक्टर की कंपनी Vishal Mega Mart के शेयरों में शुक्रवार सुबह जोरदार दबाव देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत 118.83 रुपये पर हुई, लेकिन कुछ ही देर में भाव 7 फीसदी तक टूटकर 117 रुपये के निचले स्तर पर आ गया। बाजार में हलचल की वजह 7,915 करोड़ रुपये की बड़ी ब्लॉक डील बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक प्रमोटर यूनिट ने करीब 14.2 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी बेची है, जिसका फ्लोर प्राइस 115 रुपये प्रति शेयर तय किया गया।
विश्लेषकों का मानना है कि शेयर में आई गिरावट इस आशंका को दर्शाती है कि फ्लोर प्राइस के आसपास सप्लाई बढ़ सकती है। अक्सर बड़ी ब्लॉक डील के बाद अल्पावधि में दबाव बनता है, क्योंकि बाजार अतिरिक्त शेयरों के समायोजन को पहले ही कीमत में शामिल कर लेता है।
Block Deal से हिला विशाल मेगा मार्ट
यही कारण है कि शुरुआती सत्र में बिकवाली तेज रही और निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। मार्केट एक्सपर्ट अभिषेक भट्ट के अनुसार, इंट्रा-डे चार्ट पर अचानक आई तेज गिरावट आमतौर पर बड़े सौदों या भारी बिकवाली का संकेत देती है। फिलहाल 115 से 117 रुपये का दायरा तात्कालिक सपोर्ट के रूप में उभर रहा है। यदि यह स्तर टूटता है तो अगला सहारा 108 से 110 रुपये के बीच मिल सकता है। दूसरी ओर 125 रुपये पहला मजबूत रेजिस्टेंस है, जबकि 130–132 रुपये के ऊपर ही ट्रेंड में स्थिरता लौटने के संकेत मिलेंगे।
वॉल्यूम और बड़े निवेशकों की सक्रियता
गिरावट के दौरान वॉल्यूम में उछाल दिखा, जो इस बात का संकेत है कि बड़े निवेशक सक्रिय रहे। जब तक चार्ट पर स्पष्ट बॉटमिंग पैटर्न नहीं बनता, तब तक जल्दबाजी में खरीदारी जोखिम भरी हो सकती है। बाजार में इस समय खबर आधारित उतार-चढ़ाव हावी है। ब्लॉक डील हमेशा नकारात्मक संकेत नहीं देती। कई बार प्रमोटर रणनीतिक कारणों से हिस्सेदारी घटाते हैं। फिर भी अल्पकाल में सप्लाई का दबाव कीमतों को प्रभावित कर सकता है। शॉर्ट टर्म ट्रेडर 115 रुपये के आसपास रिएक्शन पर नजर रख सकते हैं, जबकि लंबी अवधि के निवेशकों को बिना स्पष्ट संकेत के औसत करने से बचने की सलाह दी जा रही है। 130 रुपये के ऊपर स्थिरता आने पर ही रुझान को सकारात्मक माना जाएगा। फिलहाल 115 का स्तर निर्णायक साबित हो सकता है।
Read More : Yes Bank फॉरेक्स कार्ड डेटा लीक पर हड़कंप, CVV तक पहुंची सेंध; RBI ने मांगा पूरा हिसाब




