उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां वजीरगंज क्षेत्र के टिकरी गांव में सिलेंडर में ब्लास्ट से दो मकान जमींदोज हो गए। इनके मलबे में 14 लोग दब गए। जिन्हें पुलिस ने गांव वालों की मदद से बाहर निकाला। लेकिन तब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं एक ने अस्पताल में दम तोड़ा। 8 मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और 4 बच्चे हैं। 6 गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना की उच्चस्तरीय जांच के भी आदेश दिए हैं।