Atal Tunnel : हिमाचल प्रदेश के अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल के पास अचानक तीन अलग-अलग स्थानों पर हिमस्खलन होने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना उस समय हुई जब केलंग से मनाली की ओर चार वाहन गुजर रहे थे। बर्फ के भारी कटाव के कारण कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही रुक गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं हुई और चालक व यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे। थोड़ी देर इंतजार करने के बाद सभी वाहन सावधानी से मनाली की ओर रवाना हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया। सिस्सु थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर ने बताया कि अटल टनल के आसपास हिमस्खलन जरूर हुआ, लेकिन इससे किसी भी तरह की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मौके पर हालात का लगातार जायजा लिया जा रहा है।
Atal Tunnel के नॉर्थ पोर्टल पर 3 जगह हिमस्खलन
अधिकारियों के अनुसार, मार्ग कुछ समय के लिए प्रभावित जरूर हुआ, लेकिन जल्द ही यातायात सामान्य कर दिया गया। प्रशासन ने वाहन चालकों से धैर्य और सावधानी बनाए रखने की अपील की है। लाहौल घाटी में पिछले तीन दिनों से लगातार हिमपात हो रहा है, जिससे पहाड़ी इलाकों में खतरे की स्थिति बनी हुई है। भारी बर्फ जमा होने से कई संवेदनशील स्थानों पर हिमस्खलन की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि अत्यावश्यक स्थिति में ही यात्रा करें। मौसम साफ होने तक अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
एडवाइजरी जारी
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने पहाड़ी मार्गों पर सफर करने वालों के लिए कुछ जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यात्रियों को बर्फ जमे रास्तों पर बेहद सावधानी से चलने की सलाह दी गई है। साथ ही शॉर्टकट रास्तों से बचने और वाहन धीरे-धीरे चलाने को कहा गया है। खराब मौसम में यात्रा स्थगित करने और जरूरत पड़ने पर अन्य चालकों का सहयोग करने की भी अपील की गई है। पर्यटन के उद्देश्य से आने वाले लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
बीआरओ ने भी जताई आशंका
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों ने बताया कि मनाली-केलंग मार्ग पर सोलंगनाला से लेकर केलंग तक कई स्थानों पर हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। सड़क को सुरक्षित बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और बर्फ हटाने का काम जारी है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें और प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करें, ताकि सुरक्षित सफर सुनिश्चित किया जा सके।
Read More : Mulank 2: भावनाओं की गहराई से करियर की ऊंचाई तक…





