Assam News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम के डिब्रूगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने मोरान बाईपास पर तैयार की गई इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) पर उतरकर कार्यक्रम की शुरुआत की। यहां उन्होंने फाइटर जेट, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर का हवाई प्रदर्शन देखा। नॉर्थईस्ट भारत में अपनी तरह की यह पहली सुविधा है, जिसे भारतीय वायुसेना के सहयोग से तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में सैन्य और नागरिक विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेक-ऑफ सुनिश्चित करना है।
अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन भी करेंगे। करीब 3,030 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह छह लेन का एक्सट्राडोज्ड प्रीस्ट्रेस्ड कंक्रीट पुल गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी को जोड़ेगा।
Assam दौरे पर पीएम मोदी
यह नॉर्थईस्ट का पहला एक्सट्राडोज्ड पुल है, जिससे क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) गुवाहाटी के टेम्पररी कैंपस का भी उद्घाटन करेंगे। इस पहल से नॉर्थईस्ट में उच्च और प्रबंधन शिक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा का अवसर मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा।
इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी
प्रधानमंत्री PM-eBus सेवा योजना के तहत 225 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें गुवाहाटी में 100, नागपुर और भावनगर में 50-50 तथा चंडीगढ़ में 25 बसें शामिल हैं। इस कदम को पर्यावरण संरक्षण और शहरी परिवहन सुधार की दिशा में बड़ा प्रयास माना जा रहा है। दौरे के दौरान कामरूप जिले के अमिंगांव में नॉर्थ ईस्टर्न रीजन के लिए नेशनल डेटा सेंटर का उद्घाटन भी होगा। यह केंद्र डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने और डिजिटल इंडिया अभियान के तहत सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।
नॉर्थईस्ट के विकास पर फोकस
प्रधानमंत्री का यह दौरा बुनियादी ढांचे, शिक्षा, परिवहन और डिजिटल विकास से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स को समर्पित है। इससे साफ संकेत मिलता है कि केंद्र सरकार नॉर्थईस्ट क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए तेज रफ्तार से काम कर रही है।
Read More : प्रधानमंत्री कार्यालय 80 साल बाद साउथ ब्लॉक से शिफ्ट, सेवा तीर्थ में PM मोदी करेंगे उद्घाटन





