Ashes Series : इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के पांचवें और निर्णायक टेस्ट मैच के लिए अपनी 12 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। यह मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में चार जनवरी से खेला जाएगा। सीरीज पहले ही इंग्लैंड के हाथ से निकल चुकी है, लेकिन आखिरी टेस्ट में टीम की कोशिश हार के दौरे को कुछ बेहतर अंत देने की होगी। यह मैच इसलिए भी खास है क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा के करियर का आखिरी टेस्ट माना जा रहा है।
चार टेस्ट के बाद ऑस्ट्रेलिया 3-1 से आगे है। शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर उसने सीरीज पर कब्जा जमा लिया था। हालांकि, मेलबर्न में खेले गए चौथे टेस्ट में इंग्लैंड ने जोरदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की और लंबे इंतजार को खत्म किया।
Ashes Series: टीम चयन में अहम बदलाव
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने आखिरी टेस्ट के लिए टीम में कुछ अहम बदलाव किए हैं। युवा स्पिनर शोएब बशीर को 12 सदस्यीय दल में शामिल किया गया है। इसके अलावा मैथ्यू पॉट्स को भी मौका दिया गया है, जिनके गस एटकिंसन की जगह खेलने की संभावना है। एटकिंसन हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं और उनकी फिटनेस को लेकर जोखिम नहीं लिया गया।
मेलबर्न टेस्ट के दौरान गस एटकिंसन को मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा था। इसके बाद किए गए स्कैन में मांसपेशियों में खिंचाव की पुष्टि हुई। इसी कारण चयनकर्ताओं ने अंतिम टेस्ट में उन्हें आराम देने का फैसला किया।
मेलबर्न जीत की गूंज अब भी बाकी
इंग्लैंड मैनेजमेंट का मानना है कि इस समय खिलाड़ी की सेहत ज्यादा अहम है, खासकर तब जब सीरीज का फैसला पहले ही हो चुका है। मेलबर्न में मिली जीत इंग्लैंड के लिए खास रही। यह ऑस्ट्रेलिया की धरती पर 2011 के बाद उसकी पहली टेस्ट जीत थी। हालांकि, मैच सिर्फ दो दिन में खत्म हो गया, जिससे पिच की गुणवत्ता पर सवाल उठे। इंग्लैंड से पहले ऑस्ट्रेलिया ने भी 15 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है।
नियमित कप्तान पैट कमिंस को आराम दिया गया है और स्टीव स्मिथ एक बार फिर कप्तानी संभालेंगे। सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि उस्मान ख्वाजा को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा या नहीं। ख्वाजा पहले ही साफ कर चुके हैं कि सिडनी टेस्ट के बाद वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे।
Read More : IPL में बांग्लादेशी खिलाड़ी की एंट्री पर शाहरुख खान की बढ़ी मुश्किलें, जाने क्या है पूरा मामला





