Ashes 5th Test Day 3 : एशेज सीरीज के पांचवें टेस्ट में तीसरे दिन का खेल पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर मेजबान टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड पर निर्णायक बढ़त बना ली। दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट पर 518 रन बना लिए और पहली पारी के आधार पर 134 रन की अहम बढ़त हासिल कर ली। इससे इंग्लैंड की वापसी की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया की पारी की सबसे बड़ी कहानी ओपनर ट्रेविस हेड रहे। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 163 रन की यादगार पारी खेली।
हेड ने महज 105 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो सिडनी में उनका पहला टेस्ट शतक रहा। इस दौरान उन्होंने एशेज इतिहास में सबसे तेज 150 रन बनाने के मामले में डॉन ब्रैडमैन का दशकों पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। उनकी पारी में 24 चौके और एक छक्का शामिल रहा।
Ashes: हेड-स्मिथ की आंधी में इंग्लैंड बेहाल
हेड की इस पारी ने मैच की दिशा ही बदल दी। एक समय ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड से काफी पीछे था, लेकिन हेड ने तेजी से रन बटोरकर दबाव इंग्लिश गेंदबाजों पर डाल दिया। आखिरकार वह जैकब बैथल की गेंद पर आउट हुए, लेकिन तब तक वह ऑस्ट्रेलिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे। कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ ने दूसरे छोर से पारी को संभाले रखा। उन्होंने 205 गेंदों में नाबाद 129 रन बनाए और अपने टेस्ट करियर का 37वां शतक जड़ा। एशेज में यह उनका 13वां शतक रहा। स्मिथ ने संयम और क्लास का बेहतरीन मिश्रण दिखाया, जिससे ऑस्ट्रेलिया की बढ़त लगातार बढ़ती चली गई।
अन्य बल्लेबाजों का योगदान
हेड और स्मिथ के अलावा मार्नस लाबुशेन ने उपयोगी 48 रन जोड़े, जबकि माइकल नसैर ने 24 रन की अहम पारी खेली। ब्यू वेबस्टर भी अंत तक टिके रहे और 42 रन बनाकर नाबाद लौटे। इंग्लैंड की ओर से ब्रायडन कार्स सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट लिए। कप्तान बेन स्टोक्स को दो सफलता मिली, जबकि जोश टंग और जैकब बैथल ने एक-एक विकेट चटकाया। हालांकि, बड़े स्कोर के सामने उनका प्रयास फीका पड़ता नजर आया।
इससे पहले इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 384 रन पर सिमट गई थी। जो रूट ने शानदार 160 रन की पारी खेली थी, जबकि हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ ने भी उपयोगी योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नसैर ने चार विकेट लेकर इंग्लैंड को रोका था।
Read More : Shubman Gill ने BCCI को दिया खास सुझाव, रखा 15 दिन का फॉर्मूला





