Amit Shah : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ने लगा है। इसी माहौल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे। दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर न सिर्फ चुनावी संकेत दिए, बल्कि ममता सरकार पर तीखा हमला भी बोला। शाह ने साफ कहा कि आने वाले महीनों में बंगाल की राजनीति निर्णायक मोड़ लेने वाली है। प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत अमित शाह ने इतिहास से जोड़ते हुए की। उन्होंने याद दिलाया कि 30 दिसंबर 1943 को सुभाष चंद्र बोस ने पोर्ट ब्लेयर में आजाद भारत का झंडा फहराया था। शाह के मुताबिक, यह दिन आजादी के संघर्ष का प्रतीक है और इसी तारीख से अप्रैल तक का समय बंगाल के भविष्य के लिए अहम साबित होगा।
अमित शाह ने कहा कि टीएमसी के करीब 15 साल के शासन में राज्य भय, भ्रष्टाचार और कुशासन की गिरफ्त में आ गया है। खासतौर पर घुसपैठ को लेकर उन्होंने चिंता जताई और कहा कि आम लोग खुद को असुरक्षित और आशंकित महसूस कर रहे हैं।
Amit Shah: भाजपा का रोडमैप
उनके अनुसार, बंगाल की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है। शाह ने भरोसा दिलाया कि यदि बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो विकास, विरासत और गरीब कल्याण को केंद्र में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में राज्य की सांस्कृतिक पहचान को फिर से मजबूत किया जाएगा और विकास की रफ्तार तेज होगी। शाह ने दावा किया कि 15 अप्रैल 2026 के बाद बंग गौरव और बंग संस्कृति के पुनर्जागरण की शुरुआत होगी। अपने संबोधन में अमित शाह ने विवेकानंद, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जिक्र किया।
आंकडे रखे सामने
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य इन्हीं महान व्यक्तित्वों के सपनों वाला बंगाल बनाना है, जहां संस्कृति और विकास साथ-साथ आगे बढ़ें। शाह ने भाजपा की चुनावी यात्रा को आंकड़ों के जरिए सामने रखा। 2014 में जहां पार्टी को दो सीटें मिली थीं, वहीं 2021 में यह आंकड़ा 77 तक पहुंच गया। वोट प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी को उन्होंने जनता के भरोसे का संकेत बताया और कहा कि 5 साल में भाजपा मुख्य विपक्ष से सरकार बनाने की स्थिति में आ गई है।
बंगाल की जनता से मेरा करबद्ध निवेदन है कि बंगाल में हमें पूर्ण बहुमत दीजिए।
बंगाल और पूरे देश को सुरक्षित करने के लिए भाजपा को जिताइए।
-श्री @AmitShah
— BJP (@BJP4India) December 30, 2025
अमित शाह ने कांग्रेस और वाम दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल से शुरू हुई कांग्रेस आज शून्य पर पहुंच गई है, जबकि दशकों तक शासन करने वाला कम्युनिस्ट गठबंधन भी विधानसभा से बाहर हो चुका है। शाह का दावा है कि 2026 में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी।
Read More : Screen Time Effects on Brain: 5 मिनट भी फोन से दूर रहना है मुश्किल? एंग्जायटी का हो सकता है खतरा!





