America : अमेरिका की सीनेट में गर्भपात से जुड़ी दवा मिफेप्रिस्टोन पर चल रही सुनवाई उस वक्त चर्चा के केंद्र में आ गई, जब एक अप्रत्याशित सवाल ने पूरे माहौल को गरमा दिया। हेल्थ, एजुकेशन, लेबर एंड पेंशन्स कमेटी की बैठक में मौजूद भारतीय मूल की डॉक्टर निशा वर्मा से रिपब्लिकन सांसदों ने ऐसा सवाल पूछा, जिसने मेडिकल बहस को राजनीतिक रंग दे दिया। सुनवाई के दौरान पहले सीनेटर एश्ले मूडी और फिर सीनेटर जोश हॉले ने डॉक्टर वर्मा से पूछा कि क्या पुरुष गर्भवती हो सकते हैं?
बता दें कि यह सवाल सुनते ही पूरे कमरे में सन्नाटा छा गया। इसके बाद डॉक्टर वर्मा ने इस पर तुरंत हां या ना में जवाब देने से परहेज किया, जिससे बहस और तेज हो गई। डॉक्टर निशा वर्मा ने कहा कि उन्होंने सवाल का सीधा उत्तर इसलिए नहीं दिया क्योंकि उन्हें बातचीत की दिशा और उद्देश्य स्पष्ट नहीं लगा।
America के सीनेट में एक सवाल
उनका कहना था कि मेडिकल प्रैक्टिस में वे अलग-अलग पहचान वाले मरीजों का इलाज करती हैं और ऐसे सवालों को अक्सर संदर्भ से हटकर इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि चिकित्सा विज्ञान प्रमाणों पर चलता है, न कि राजनीतिक एजेंडे पर… सीनेटर जोश हॉले ने डॉक्टर वर्मा के जवाब पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना था कि यह सवाल राजनीति नहीं, बल्कि जीवविज्ञान और विज्ञान से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टर वर्मा जैविक सच्चाई को स्वीकार करने से बच रही हैं। इस पर डॉक्टर वर्मा ने पलटकर कहा कि हां-ना में पूछे गए ऐसे सवाल अक्सर सार्वजनिक बहस में राजनीतिक हथियार बन जाते हैं।
सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस
सुनवाई का यह हिस्सा सामने आते ही सोशल मीडिया पर क्लिप वायरल हो गई। कुछ लोग डॉक्टर वर्मा के संयमित रुख की तारीफ करते दिखे, तो कुछ ने इसे मुद्दे से बचने की कोशिश बताया। देखते ही देखते यह मेडिकल सुनवाई अमेरिकी संस्कृति युद्ध का हिस्सा बन गई।
कौन हैं डॉक्टर निशा वर्मा?
डॉक्टर निशा वर्मा का जन्म नॉर्थ कैरोलिना के ग्रीन्सबोरो में हुआ। उनके माता-पिता भारतीय मूल के हैं। उन्होंने जीवविज्ञान और मानवशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई के बाद यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ कैरोलिना से मेडिकल डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने बेथ इजरायल डीकॉनेस मेडिकल सेंटर से ऑब्स्टेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी में रेजिडेंसी पूरी की। डॉक्टर वर्मा ने कॉम्प्लेक्स फैमिली प्लानिंग में फेलोशिप की और एमोरी यूनिवर्सिटी से पब्लिक हेल्थ की पढ़ाई की। वे डबल बोर्ड-सर्टिफाइड स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं और जॉर्जिया में प्रजनन स्वास्थ्य सेवाएं देती हैं।
इसके साथ ही वे अमेरिकन कॉलेज ऑफ ऑब्स्टेट्रिशियंस एंड गायनेकोलॉजिस्ट्स में रिप्रोडक्टिव हेल्थ पॉलिसी की सीनियर एडवाइजर और एमोरी यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन में एडजंक्ट असिस्टेंट प्रोफेसर भी हैं।
Read More : BMC में टूटा 25 साल का किला! महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भाजपा गठबंधन की आंधी





