America : अमेरिका के एरिजोना राज्य के नॉर्थ फीनिक्स इलाके में एक छोटा कम्यूटर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब विमान अचानक एक घर की छत से टकरा गया और फिर फिसलते हुए पास के दूसरे मकान के पिछवाड़े में जा गिरा। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज धमाके जैसी आवाज सुनते ही लोग घरों से बाहर निकल आए और देखा कि विमान का मलबा एक मकान के पीछे फैला हुआ था। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, विमान में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई थी। पायलट ने स्थिति को देखते हुए विमान को डियर वैली एयरपोर्ट वापस लाने की कोशिश की, लेकिन लैंडिंग से पहले ही नियंत्रण बिगड़ गया और विमान रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया।
America में प्लेन क्रैश
अधिकारियों का कहना है कि हादसे की पूरी जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि तकनीकी खराबी किस वजह से आई थी। इस दुर्घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छोटा कम्यूटर विमान तेजी से नीचे आता दिखाई देता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान पहले एक मकान की छत से टकराता है और फिर पास के घर के आंगन में गिरकर बुरी तरह टूट जाता है। घटनास्थल पर पाइपर PA-28 विमान के कई हिस्से बिखरे मिले। विमान का मलबा एक स्विमिंग पूल और घर के उस हिस्से के बीच फंसा मिला जहां बच्चों के लिए बेबी नर्सरी बनाई गई थी।
तीन घायल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में दो लोग सवार थे… एक फ्लाइट इंस्ट्रक्टर और दूसरा प्रशिक्षण ले रहा छात्र। दोनों इस हादसे में घायल हो गए। इसके अलावा जिस मकान के पीछे विमान गिरा, वहां रहने वाला एक व्यक्ति भी इस दुर्घटना में जख्मी हो गया। तीनों घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इलाके को कराया खाली
विमान गिरने के बाद आसपास के इलाके में सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरती गई। दुर्घटनास्थल पर फ्यूल फैल जाने के कारण खतरे की आशंका बनी हुई थी। इसके चलते प्रशासन ने आसपास के घरों को कुछ समय के लिए खाली करवा दिया। हैजमैट टीम मौके पर पहुंची और ईंधन से भरे मलबे को हटाने तथा क्षेत्र को सुरक्षित बनाने का काम शुरू किया। जांच एजेंसियां अब इस हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
Read More : Middle East Crisis: इंडिगो ने 500 से ज्यादा उड़ानें कीं रद्द




