AI Express Flight : जेद्दा से केरल के कोझिकोड जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट अपने तय रास्ते पर आगे बढ़ रही थी। विमान में कुल 160 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकतर प्रवासी भारतीय बताए जा रहे हैं। उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या के संकेत मिले, जिसके बाद पायलट ने सावधानी बरतते हुए विमान को कोझिकोड की बजाय कोचीन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की ओर मोड़ने का फैसला लिया। एयरलाइन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया कि विमान के लैंडिंग गियर में खराबी आ गई थी। इतना ही नहीं, लैंडिंग के समय टायर फेल होने की आशंका भी जताई गई। ऐसे हालात में किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया गया, ताकि यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कोचीन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को विमान की स्थिति की जानकारी मिली, तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया। फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और तकनीकी स्टाफ को रनवे के पास तैनात कर दिया गया।
AI Express Flight
एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने भी अन्य उड़ानों को संभालते हुए इस विमान को प्राथमिकता दी, ताकि लैंडिंग बिना किसी बाधा के कराई जा सके। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक फ्लाइट IX 398 ने सुबह 9.07 बजे कोचीन एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इस दौरान यात्रियों की धड़कनें जरूर तेज थीं, लेकिन पायलट की सूझबूझ और ग्राउंड स्टाफ की तैयारी ने किसी भी बड़े हादसे को टाल दिया। लैंडिंग के बाद की गई तकनीकी जांच में यह पाया गया कि विमान के दाईं ओर के टायर फट गए थे। यही वजह थी कि पायलट ने जोखिम उठाने की बजाय डायवर्जन और इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया। विमान को आगे की जांच के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया है।
सभी यात्री सुरक्षित
विमान से सुरक्षित बाहर निकलने के बाद यात्रियों के चेहरों पर डर के साथ राहत साफ दिखी। कई यात्रियों ने कहा कि उन्हें शुरुआत में स्थिति की गंभीरता का अंदाजा नहीं था, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग के बाद उन्होंने पायलट और क्रू का आभार जताया। आज के दौर में हवाई यात्रा आम लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी है। विदेश में काम करने वाले प्रवासी हों या देश के एक कोने से दूसरे कोने तक जल्दी पहुंचने की जरूरत, फ्लाइट ने समय और दूरी दोनों को समेट दिया है। खासतौर पर खाड़ी देशों और केरल के बीच चलने वाली उड़ानें लाखों परिवारों के लिए जीवनरेखा जैसी हैं।
कम समय में सुरक्षित यात्रा, बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाजनक सेवाओं के कारण लोग बड़ी संख्या में हवाई सफर को प्राथमिकता देते हैं। जब इसी सफर के दौरान तकनीकी खराबी की खबर आती है, तो चिंता और डर दोनों बढ़ जाते हैं। गुरुवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट के साथ भी ऐसा ही क्षण आया।
Read More : IPL Auction 2026: ऑक्शन में लियम लिविंगस्टन की लगी लॉटरी, जानें सफर…





