Home » उत्तर प्रदेश » Agra Janakpuri Mahotsav 2026, नई कार्यकारिणी का गठन; बढ़ी आयोजन की तैयारियां

Agra Janakpuri Mahotsav 2026, नई कार्यकारिणी का गठन; बढ़ी आयोजन की तैयारियां

Agra Janakpuri Mahotsav 2026 : आगरा में उत्तर भारत के प्रतिष्ठित श्री जनकपुरी महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को धार्मिक वातावरण के बीच हुआ। भावना एस्टेट आवासीय परिसर स्थित क्लब हाउस में वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की गई। श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन कर आयोजन का शुभारंभ किया। इस वर्ष पहली बार भावना एस्टेट क्षेत्र को इस ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही आयोजन समिति ने इस वर्ष राजा जनक और रानी सुनयना के स्वरूप की भी घोषणा की। समिति ने समाजसेवी एवं रियल एस्टेट कारोबारी अशोक कुमार गोयल को राजा जनक तथा उनकी पत्नी लता गोयल को रानी सुनयना के स्वरूप के लिए चुना है।

Agra Janakpuri Mahotsav 2026

जैसे ही यह घोषणा हुई, समारोह स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। दोनों ने इस जिम्मेदारी को अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताते हुए आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक है। भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग पर आधारित यह आयोजन वर्षों से लोगों को अपनी परंपराओं से जोड़ता आ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी महोत्सव शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होंगे।

नई कार्यकारिणी का गठन

महोत्सव को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। आयोजन समिति ने विभिन्न जिम्मेदारियां अनुभवी सदस्यों को सौंपी हैं, ताकि तैयारियों से लेकर कार्यक्रमों के संचालन तक सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से पूरी की जा सकें। समिति का कहना है कि इस बार आयोजन को पहले से अधिक आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप देने की योजना बनाई गई है। राजा जनक का स्वरूप मिलने के बाद अशोक कुमार गोयल भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि माता जानकी के पिता के रूप में प्रतीकात्मक कन्यादान करने का अवसर मिलना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक आध्यात्मिक अनुभव भी है। उनकी पत्नी लता गोयल ने भी इसे पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।

आयोजन की तैयारियां

श्री जनकपुरी महोत्सव को लेकर अब तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन स्थल पर धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। समिति का उद्देश्य है कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों को बेहतर व्यवस्थाएं मिलें और आयोजन अपनी भव्यता के लिए लंबे समय तक याद रखा जाए। हर वर्ष की तरह इस बार भी शहरभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और रामभक्तों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Read More : UP के हिस्से का यमुना जल दिलाने की मुहिम होगी राष्ट्रव्यापी, 1008 दिवसीय उपवास-अनशन का ऐलान

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?