बिहार के गोपालगंज जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के नगर थाना क्षेत्र के अमवा मौजा गांव में एसिड अटैक की घटना हुई है। इस घटना में दो बच्चों समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल लोगों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बात करने पर अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि उज्ज्वल नामक बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं एक अन्य घायल श्रीराम सिंह का शरीर का 50 प्रतिशत भाग बुरी तरह से जल गया है। दोनों घायलों की हालत गंभीर है, इसलिए दोनों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि एसिड अटैक की घटना भूमि विवाद को लेकर हुई है। वहीं मामले को लेकर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द कर ली जाएगी। छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में घायल राजकिशोर राय का कहना है कि गांव में उनकी जमीन है। गांव के ही शंभू प्रसाद उनकी जमीन पर कब्जा कर रहे थे। जब इसका विरोध किया तो उनलोगों ने तेजाब से हमलोगों पर जानलेवा हमला कर दिया।