Aadhaar App : आधार कार्ड यूजर्स के लिए बड़ी राहत और सुविधा की खबर सामने आई है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) 28 जनवरी 2026 को नए Aadhaar App का फुल वर्जन लॉन्च करने जा रहा है। UIDAI ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी पुष्टि की है। फिलहाल जो Aadhaar App इस्तेमाल किया जा रहा है, वह एक लिमिटेड वर्जन है, लेकिन आने वाले अपडेट के बाद इसमें कई नए और काम के फीचर्स एक्टिव हो जाएंगे। इस अपडेट का मकसद आधार से जुड़ी सेवाओं को ज्यादा आसान, तेज और डिजिटल बनाना है।
UIDAI के मुताबिक, नए Aadhaar App के फुल वर्जन के बाद लोगों को आधार कार्ड की हार्ड कॉपी साथ रखने की जरूरत लगभग खत्म हो जाएगी। होटल, गेस्ट हाउस, ऑफिस या अन्य जगहों पर पहचान सत्यापन के लिए अब मोबाइल फोन से ही डिजिटल चेक-इन किया जा सकेगा।
Aadhaar App का फुल वर्जन तैयार
दरअसल, अब आधार कार्ड दिखाने के लिए कागज या लैमिनेशन रखने की बाध्यता नहीं रहेगी। मोबाइल में मौजूद Aadhaar App से ही पहचान को सुरक्षित और आसान तरीके से वेरिफाई किया जा सकेगा। नए वर्जन में सबसे बड़ा बदलाव यह होगा कि यूजर्स केवल अपना ही नहीं, बल्कि किसी दूसरे व्यक्ति का Aadhaar भी वेरिफाई कर सकेंगे। अभी तक ऐप का इस्तेमाल मुख्य रूप से अपना आधार शेयर करने या QR कोड दिखाने तक सीमित था। Full Version के बाद QR Code स्कैन करके सामने वाले व्यक्ति की पहचान की वैधता चेक करना संभव हो सकता है। इससे होटल, ऑफिस, बैंक और अन्य संस्थानों में आधार वेरिफिकेशन की प्रक्रिया काफी तेज और भरोसेमंद हो जाएगी।
Aadhaar में अपडेट करना होगा आसान
नए Aadhaar App में डाटा अपडेट से जुड़ी सुविधाएं भी बेहतर की जा सकती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूजर्स अब अपने आधार कार्ड में एड्रेस अपडेट कर पाएंगे। इसके साथ ही मोबाइल नंबर बदलने का ऑप्शन भी ऐप में जोड़ा जा सकता है। फिलहाल Name और Email अपडेट करने का विकल्प पूरी तरह एक्टिव नहीं है, लेकिन Full Version के बाद इन सुविधाओं के मिलने की भी उम्मीद जताई जा रही है। इससे आधार में बदलाव के लिए लोगों को आधार केंद्रों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे।
डिजिटल इंडिया को मिलेगी नई रफ्तार
UIDAI का यह कदम डिजिटल इंडिया अभियान को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। Aadhaar App का अपग्रेडेड वर्जन पहचान सत्यापन को अधिक सुरक्षित, पेपरलेस और यूजर-फ्रेंडली बना सकता है। आने वाले समय में यह ऐप रोजमर्रा की कई प्रक्रियाओं को सरल बना देगा, चाहे वह होटल में चेक-इन हो, ऑफिस वेरिफिकेशन हो या फिर आधार से जुड़ी जानकारी अपडेट करना।
Read More : T20 World Cup पर मंडराया विवाद का साया, पाकिस्तान की धमकी पर ICC सख्त





