China Tourism : पूरी दुनिया घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं और किसी ऐसी जगह की तलाश है जहां इतिहास के साथ आधुनिक दुनिया भी देखने को मिले, तो चीन आपको अलग अनुभव दे सकता है। यहां हजारों साल पुरानी सभ्यता के निशान भी मिलते हैं और दूसरी ओर ऐसी गगनचुंबी इमारतें दिखाई देती हैं जो भविष्य के शहरों की तस्वीर पेश करती हैं। कम बजट में यात्रा करने के लिए पहले से फ्लाइट, होटल और स्थानीय परिवहन की योजना बनाना जरूरी है। इसके साथ ही चीन के प्राकृतिक नजारे, स्थानीय बाजार, अलग-अलग तरह का खाना और सांस्कृतिक रंग सफर में फन के साथ सुकून भी जोड़ देते हैं।
चीन की सबसे बड़ी खासियत उसकी विविधता है। एक तरफ सदियों पुराने महल, मंदिर और ऐतिहासिक स्मारक हैं, तो दूसरी तरफ आधुनिक तकनीक से लैस शहर और ऊंची इमारतें नजर आती हैं। यही विरोधाभास इस देश को यात्रियों के लिए खास बनाता है। यहां घूमते हुए आपको कई ऐसे स्थान मिलेंगे, जहां इतिहास और आधुनिकता एक ही फ्रेम में दिखाई देती है।
China Tourism
चीन की महान दीवार देश की पहचान से जुड़े सबसे बड़े ऐतिहासिक स्मारकों में शामिल है। सदियों पहले अलग-अलग हिस्सों में बनाई गई इस विशाल किलेबंदी का इस्तेमाल सुरक्षा के लिए किया जाता था। आज इसके कई हिस्से पर्यटकों के लिए खुले हैं। दीवार के रास्तों पर चलते हुए आसपास के पहाड़ों और घाटियों का नजारा देखने को मिलता है। इसकी विशालता देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसे तैयार करना कितना कठिन काम रहा होगा।
शंघाई
अगर ऐतिहासिक चीन से निकलकर आधुनिक दुनिया देखनी है तो शंघाई का पुडोंग इलाका खास आकर्षण है। यहां शंघाई टॉवर समेत कई ऊंची इमारतें शहर की अलग पहचान बनाती हैं। एक तरफ गगनचुंबी इमारतों से भरा आधुनिक इलाका है तो दूसरी तरफ शहर के पुराने हिस्से अपनी ऐतिहासिक विरासत को संभाले हुए हैं। यह मेल चीन के तेजी से बदलते स्वरूप को समझने का मौका देता है।
झांगजियाजी
प्रकृति के करीब समय बिताने वाले यात्रियों के लिए झांगजियाजी राष्ट्रीय वन पार्क बेहद खास हो सकता है। हुनान प्रांत में स्थित यह इलाका ऊंचे बलुआ पत्थर के खंभेनुमा पहाड़ों के लिए प्रसिद्ध है। धुंध के बीच खड़ी चट्टानें किसी फिल्मी दृश्य जैसी दिखाई देती हैं। यहां पैदल रास्तों और केबल कार के जरिए प्राकृतिक नजारों का आनंद लिया जा सकता है।
टेराकोटा आर्मी
इतिहास में दिलचस्पी रखने वालों के लिए शीआन की टेराकोटा आर्मी एक अलग अनुभव है। 1974 में खोजे गए मिट्टी से बने सैनिकों, घोड़ों और रथों की यह विशाल सेना चीन के पहले सम्राट किन शी हुआंग के मकबरे से जुड़ी है। हजारों मूर्तियों में सैनिकों की अलग-अलग शक्ल और बारीकियां उस दौर की कारीगरी का अंदाजा देती हैं।
त्योहारों से लेकर ताई ची तक
चीन की यात्रा केवल पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं है। चीनी नव वर्ष के दौरान होने वाले पारंपरिक कार्यक्रम, ड्रैगन डांस और रंग-बिरंगी सजावट यहां की सांस्कृतिक विरासत की झलक देते हैं। दूसरी ओर पार्कों में सुबह के समय ताई ची करते लोग शांत वातावरण का अनुभव कराते हैं। चीनी सुलेख जैसी पारंपरिक कला भी यहां की संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। चीन का खान-पान भी उसकी भौगोलिक और सांस्कृतिक विविधता जितना ही अलग है। सिचुआन के तीखे व्यंजनों से लेकर कैंटोनीज डिम सम तक यहां हर क्षेत्र का अपना स्वाद है। चेंगदू और शीआन के स्थानीय बाजारों में स्ट्रीट फूड की कई किस्में देखने को मिलती हैं। इसलिए अगर आप घूमने के साथ नए स्वादों को आजमाना पसंद करते हैं तो चीन का सफर आपके लिए और भी यादगार हो सकता है।
इतिहास, प्रकृति का पूरा पैकेज
चीन की खासियत यही है कि एक ही यात्रा में प्राचीन सभ्यता, आधुनिक शहर, प्राकृतिक चमत्कार, स्थानीय संस्कृति और अलग-अलग तरह के खान-पान का अनुभव लिया जा सकता है। अगर World Tour में किसी ऐसी जगह की तलाश है जहां हर शहर और हर क्षेत्र नया अनुभव दे, तो चीन एक ऐसा गंतव्य है जिसे यात्रा सूची में शामिल किया जा सकता है। फिर देर किस बात की… जल्दी से उठाईए मोबाइल और बुक करिए अपने परिवार संग इस अनोखे प्लेस को विजीट करने का टिकट… और हां आज के डिजिटल युग में अपने संग कैमरा ले जाना न भूले अन्यथा… आप अपने बिताए गए खास मूवमेंट को कैप्चर नहीं कर पाएंगे।











