Makkah News : यमन में भड़की लड़ाई की आंच अब इस्लाम के सबसे पवित्र शहर मक्का के करीब तक पहुंच गई है। हूती विद्रोहियों के मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच मंगलवार को सऊदी अरब ने मक्का में इमरजेंसी अलर्ट सक्रिय कर दिया। जेद्दा और ताइफ में भी इसी तरह की चेतावनी जारी हुई। सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक लोगों को तुरंत सुरक्षित जगह पर जाने और खुले इलाकों से दूर रहने को कहा गया। नेशनल अर्ली वार्निंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों तक संभावित खतरे की सूचना पहुंचाई गई।
हालांकि, कुछ समय बाद अधिकारियों ने बताया कि तत्काल खतरा टल गया है। मक्का के साथ जेद्दा और ताइफ में जारी अलर्ट भी बाद में वापस ले लिए गए। अधिकारियों ने अलर्ट जारी करने के समय खतरे की सटीक प्रकृति सार्वजनिक नहीं की थी।
Makkah में बजा खतरे का अलार्म
सिविल डिफेंस ने लोगों से खिड़कियों, बालकनी, छत और खुले स्थानों से दूर रहने को कहा। बाहर मौजूद लोगों को नजदीकी इमारत में शरण लेने या किसी मजबूत ढांचे की आड़ में जाने की सलाह दी गई। वाहन चालकों को पुलों और ऊंची इमारतों से दूरी बनाकर सुरक्षित स्थान पर रुकने को कहा गया। लोगों से भीड़ नहीं लगाने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील भी की गई। तनाव उस समय और बढ़ गया जब सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया कि मक्का के पास हूती विद्रोहियों के एक ड्रोन को एयर डिफेंस सिस्टम ने इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया।
🕋🇸🇦 Makkah’s air defence remains ready to respond to any potential threat.
For Muslims around the world, the message is simple: keep political conflicts away from the Holy Sites. | @ZardSi pic.twitter.com/j6Sw1JTb8N
— Makkah Updates🕋 (@MakkahUpdate) September 15, 2026
गठबंधन के मुताबिक ड्रोन मक्का के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र की तरफ बढ़ रहा था। हालांकि हूती पक्ष ने मक्का या किसी इस्लामिक पवित्र स्थल को निशाना बनाने के आरोप से इनकार किया है।
2017 में भी बढ़ी थी मिसाइल
यह पहली बार नहीं है जब मक्का के आसपास हूती हमले का खतरा सामने आया है। साल 2017 में भी सऊदी अधिकारियों ने हूतियों पर मक्का की दिशा में बैलिस्टिक मिसाइल दागने का आरोप लगाया था। उस समय मिसाइल को पवित्र शहर तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया था। मौजूदा घटनाक्रम के बाद मक्का की हवाई सुरक्षा एक बार फिर चर्चा में आ गई है। हाल के दिनों में हूतियों ने सऊदी अरब पर मिसाइल और ड्रोन हमले तेज किए हैं। सोमवार को हुए हमलों में दक्षिणी सऊदी अरब में 13 नागरिकों के घायल होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूती हमलों का कड़ा जवाब देने की बात कही है।
लाल सागर में भी मजबूत हो रहे हूती
जमीन पर चल रही लड़ाई के साथ हूती लाल सागर में भी अपनी स्थिति मजबूत कर रहे हैं। हाल में उन्होंने ग्रेटर हनीश और लेसर हनीश द्वीपों पर कब्जा कर लिया। इससे पहले मोखा बंदरगाह और मायून द्वीप भी उनके नियंत्रण में आने की खबर सामने आई थी। ये इलाके बाब अल-मंदेब के करीब हैं, जो वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण रास्ता है। हूती विद्रोहियों की बढ़ती सैन्य गतिविधियों ने सऊदी अरब के सामने दोहरी चुनौती खड़ी कर दी है। एक तरफ उसके शहर मिसाइल और ड्रोन हमलों के निशाने पर हैं, वहीं दूसरी तरफ लाल सागर के रणनीतिक इलाकों में हूतियों की पकड़ मजबूत हो रही है। मक्का में जारी हुआ इमरजेंसी अलर्ट इसी बदलते सुरक्षा माहौल का संकेत है, जहां अब पवित्र शहर के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा जा रहा है।
Read More : UP Politics में नया सियासी मोड़, चंद्रशेखर के दावे से गरमाया माहौल!





