India vs New Zealand : भारतीय क्रिकेट टीम के लिए आने वाले महीने बेहद व्यस्त रहने वाले हैं। सितंबर में टी20 क्रिकेट का रोमांच रहेगा, जबकि अक्टूबर से टी20 के साथ वनडे मुकाबले भी देखने को मिलेंगे। इस दौरान भारतीय टीम का न्यूजीलैंड दौरा सबसे ज्यादा चर्चा में रहेगा। सीनियर टीम वहां तीनों फॉर्मेट की सीरीज खेलेगी, जिसमें टेस्ट सीरीज पर खास नजर होगी। वनडे सीरीज भी इसलिए अहम होगी, क्योंकि इसमें लंबे समय बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली को एक्शन में देखने का मौका मिल सकता है। लेकिन न्यूजीलैंड दौरे पर सिर्फ सीनियर टीम ही नहीं होगी। इसी दौरान इंडिया A की टीम भी न्यूजीलैंड में मौजूद रहेगी और न्यूजीलैंड A के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज खेलेगी।
श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज से पहले इंडिया A और श्रीलंका A के बीच अनाधिकारिक टेस्ट मुकाबले खेले गए थे। इसी तरह न्यूजीलैंड में भी इंडिया A और न्यूजीलैंड A के बीच सीरीज आयोजित की जाएगी। इस सीरीज में दोनों देशों के उभरते हुए खिलाड़ी अपनी क्षमता दिखाएंगे।
India vs New Zealand
युवा खिलाड़ियों के लिए यह सेलेक्टर्स को प्रभावित करने का बड़ा मौका होगा। भारतीय टीम के लिहाज से यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण रहेगा, क्योंकि कुछ ऐसे खिलाड़ी भी इंडिया A का हिस्सा बन सकते हैं, जिन्हें बाद में सीनियर टेस्ट टीम में जगह मिलनी है। जानकारी के मुताबिक, भारत A और न्यूजीलैंड A के बीच अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज 24 अक्टूबर से 10 नवंबर के बीच खेली जाएगी। खास बात यह है कि इसी दौरान भारत और न्यूजीलैंड की सीनियर टीमें टी20 और वनडे मुकाबलों में आमने-सामने होंगी।
टेस्ट सीरीज का असली मुकाबला
न्यूजीलैंड में एक ही समय पर भारत की दो अलग-अलग टीमें मैदान पर उतरेंगी। एक तरफ सीनियर खिलाड़ी सीमित ओवरों में चुनौती पेश करेंगे, वहीं इंडिया A के खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट की तैयारी करते नजर आएंगे। इंडिया A की सीरीज खत्म होने के कुछ ही दिन बाद भारत और न्यूजीलैंड की सीनियर टीमों के बीच टेस्ट सीरीज शुरू होगी। दोनों देशों के बीच दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे और इसका आगाज 19 नवंबर से होगा।
इसी वजह से इंडिया A की सीरीज को सीनियर टेस्ट टीम के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में पहले से खेलने का अनुभव भारतीय खिलाड़ियों को टेस्ट सीरीज से पहले खुद को तैयार करने में मदद कर सकता है।
इंडिया A में मौका
इंडिया A की टीम में कई ऐसे नामों को शामिल किए जाने की संभावना है, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड में जगह बना सकते हैं। संभावित खिलाड़ियों में देवदत्त पडिक्कल, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत और मानव सुथार जैसे नाम शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को तीन अनाधिकारिक टेस्ट मैचों में से एक या दो मुकाबले खेलने का मौका मिल सकता है। इससे उन्हें न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और विकेटकीपिंग के लिहाज से खुद को ढालने का पर्याप्त अवसर मिलेगा।
इनमें से कई खिलाड़ी सीनियर टीम की टी20 या वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। ऐसे में चयन समिति के पास उन्हें इंडिया A के साथ न्यूजीलैंड भेजकर टेस्ट सीरीज से पहले परिस्थितियों का अनुभव कराने का विकल्प रहेगा।
युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच
इंडिया A की यह सीरीज सिर्फ अभ्यास का मौका नहीं होगी, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए सीनियर टीम में जगह बनाने की दिशा में अहम पड़ाव भी साबित हो सकती है। न्यूजीलैंड जैसी परिस्थितियों में प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर चयनकर्ताओं की नजर रहेगी। वहीं, जिन खिलाड़ियों का टेस्ट स्क्वॉड में चयन होता है, उनके लिए इंडिया A के मुकाबले सीनियर टेस्ट सीरीज की बेहतर तैयारी का जरिया बन सकते हैं। इस तरह न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को एक ही समय में दो टीमों का रोमांच देखने को मिलेगा।
Read More : Nepal Flood: तबाही के बीच आई उम्मीद की खबर, 9 दिन बाद सुरंग से बाहर आए 2 मजदूर





