Job Alert : सरकारी नौकरी और शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए 1 सितंबर 2026 बेहद महत्वपूर्ण है। आज कई बड़ी परीक्षाओं और भर्तियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया बंद हो रही है। इनमें केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती तथा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) शामिल है। ऐसे में पात्र अभ्यर्थियों के पास आवेदन पूरा करने के लिए आज आखिरी मौका है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सितंबर 2026 में होने वाली CTET के लिए आवेदन प्रक्रिया दोबारा खोली थी। यह मौका उन उम्मीदवारों को दिया गया, जो पहले आवेदन नहीं कर सके थे। जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही सफलतापूर्वक आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है।
Job Alert
CTET की परीक्षा पहले स्थगित की जा चुकी है। बोर्ड की ओर से अभी नई परीक्षा तारीख घोषित नहीं की गई है। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी किए जाने की संभावना है। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे परीक्षा से जुड़ी नई जानकारी के लिए आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखें। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने चिकित्सा क्षेत्र में प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 1,156 पदों पर भर्ती निकाली है। इन पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख भी 1 सितंबर 2026 निर्धारित है। उम्मीदवार आवेदन करने के बाद 8 सितंबर तक अपने फॉर्म में जरूरी संशोधन कर सकेंगे।
प्रोफेसर पद के लिए इतनी उम्र सीमा
भर्ती में प्रोफेसर पद के लिए आयु सीमा 35 से 55 वर्ष और असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए 26 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। संबंधित विषय के अनुसार एमडी, एमएस या डीएनबी जैसी शैक्षणिक योग्यता और निर्धारित अनुभव की जरूरत होगी। अलग-अलग पदों के लिए पात्रता शर्तों में अंतर हो सकता है, इसलिए आवेदन से पहले संबंधित भर्ती विज्ञापन देखना जरूरी है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा यानी UPSSSC PET 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख भी 1 सितंबर है।
उत्तर प्रदेश में भविष्य में होने वाली विभिन्न समूह ‘ग’ की भर्तियों में शामिल होने के लिए PET महत्वपूर्ण परीक्षा है। PET में प्राप्त अंकों के आधार पर उम्मीदवारों को संबंधित मुख्य भर्ती परीक्षाओं के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाता है।
10वीं पास होना जरूरी
UPSSSC PET के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं या उसके समकक्ष परीक्षा पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा 18 से 40 वर्ष रखी गई है और आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। आवेदन से पहले उम्मीदवारों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR पूरा करना अनिवार्य है। CTET, UPPSC और UPSSSC PET में आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवारों को आज ही अपना फॉर्म पूरा कर देना चाहिए। अंतिम समय में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक होने के कारण तकनीकी समस्या या भुगतान से जुड़ी परेशानी हो सकती है। आवेदन जमा करने के बाद अभ्यर्थी अपने फॉर्म और भुगतान की स्थिति जरूर जांच लें तथा भविष्य के लिए आवेदन की प्रति सुरक्षित रखें।
Read More : UKSSSC Recruitment : 553 पदों पर निकली भर्ती, 12वीं पास करें आवेदन; 8 सितंबर से शुरू होंगे फॉर्म




