UP Sugar Stock : लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रदेश में चीनी की उपलब्धता की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने साफ कहा कि यूपी में चीनी का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आम लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाजार में चीनी की उपलब्धता पर लगातार नजर रखने और किसी भी तरह की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश की चीनी मिलों में कुल 179.38 लाख कुंतल चीनी उपलब्ध है। इसमें सहकारी चीनी मिलों के पास 23.60 लाख कुंतल, निगम की मिलों में 5.28 लाख कुंतल और निजी चीनी मिलों में 150.50 लाख कुंतल स्टॉक मौजूद है।
UP Sugar Stock
अधिकारियों के अनुसार जून और जुलाई के दौरान चीनी मिलों से 235 लाख कुंतल चीनी की बिक्री की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चीनी की उपलब्धता को लेकर किसी तरह की अफवाह पर लोग भरोसा न करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अफवाह फैलाने, जमाखोरी करने या कालाबाजारी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। बाजार में चीनी की आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के लिए प्रशासन को सक्रिय निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। योगी ने चीनी के भंडारण को लेकर निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराने को कहा। किसी डीलर को 30 दिन से अधिक का स्टॉक रखने की अनुमति नहीं होगी।
तय हुई सीमा
एक समय में कोई डीलर 400 टन से ज्यादा चीनी का भंडारण नहीं कर सकेगा। बल्क कंज्यूमर्स के लिए भी अधिकतम 15 दिन का स्टॉक रखने की सीमा तय है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगर बाजार की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त उत्पादन की आवश्यकता महसूस होती है तो चीनी मिलों को 15 अक्टूबर से संचालित करने की तैयारी रखी जाए। सरकार का उद्देश्य पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के साथ बाजार में कीमतों और उपलब्धता को लेकर किसी तरह की कृत्रिम कमी पैदा होने से रोकना है।
Read More : US की 6 खूबसूरत जगहें, जहां पहुंचकर नजरें ठहर जाएंगी




