UP Weather : सक्रिय मानसून के असर से मंगलवार सुबह से ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली। मेरठ, सहारनपुर और आसपास के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश ने पिछले कई दिनों से चली आ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत दिलाई। सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और रुक-रुककर हुई तेज बारिश के कारण तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक क्षेत्र में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना जताई है।
लगातार बारिश का असर मेरठ शहर की यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई दिया। कई प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
UP Weather
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बारिश के कारण दृश्यता कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। फिसलन और पानी भरने के कारण कई स्थानों पर वाहनों की गति धीमी रही। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ी, जबकि सुबह दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोग छाता और रेनकोट के सहारे घरों से निकले। बारिश का असर शहर के बाजारों और दैनिक गतिविधियों पर भी पड़ा। सुबह के समय बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। हालांकि कृषि क्षेत्र के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। धान सहित खरीफ की फसलों के लिए इसे बेहद लाभकारी माना जा रहा है। किसानों का कहना है कि समय पर हुई वर्षा से खेतों में नमी बनी रहेगी और फसलों की बढ़वार बेहतर होगी।
जनजीवन प्रभावित
सहारनपुर में सोमवार देर रात शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह तक जारी रही। तेज वर्षा के कारण शहर की कई सड़कें और निचले इलाके पानी में डूब गए। कार्यालय, स्कूल और बाजार जाने वाले लोगों को जलभराव के बीच होकर गुजरना पड़ा। कई कॉलोनियों और मुख्य मार्गों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने यहां भी अगले 24 घंटे तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। बारिश का असर शामली जिले में भी देखने को मिला, जहां शहर और ग्रामीण इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई। गांव कुड़ाना की गलियों में घुटनों तक पानी भर गया, जबकि शहर के नाला पटरी, बुढ़ाना रोड और सीबी गुप्ता कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था जवाब देती नजर आई।
कई दोपहिया वाहन पानी में फंस गए और पैदल राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
Read More : Meerut में कांवड़ यात्रा के लिए ट्रैफिक प्लान लागू, 29 जुलाई से भारी वाहनों की एंट्री बंद; फटाफट करें चेक





