Meerut Traffic Diversion : श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को देखते हुए मेरठ पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए 29 जुलाई की रात 12 बजे से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके बाद 4 अगस्त की आधी रात से हल्के और मध्यम वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लागू करने की तैयारी है। यह व्यवस्था 12 अगस्त तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान केवल निर्धारित पास वाले वाहनों को तय समय और निर्धारित मार्गों से आवागमन की अनुमति मिलेगी।
एसपी ट्रैफिक राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि डायवर्जन योजना आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर तैयार की गई है। जरूरत पड़ने पर यातायात व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकेगा।
Meerut Traffic Diversion
गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सामान्य यातायात जारी रहेगा, लेकिन कांवड़ मार्गों से जुड़े वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित न हो। कांवड़ यात्रा को लेकर नगर निगम ने भी व्यवस्थाएं तेज कर दी हैं। मंगलवार से प्रमुख मार्गों पर बल्लियां लगाने, स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने और सड़क किनारे सुरक्षा इंतजाम शुरू किए जाएंगे। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि मुख्य कांवड़ मार्गों पर गड्ढे भरने का काम तेजी से कराया जा रहा है। साथ ही नालियों की सफाई और स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वैकल्पिक रास्ते तय
दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा से उत्तराखंड, सहारनपुर और हरिद्वार जाने वाले वाहनों को डासना से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और खेकड़ा इंटरचेंज के रास्ते दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर भेजा जाएगा। वहीं एनएच-58 पर हरिद्वार से लौटने वाले कांवड़ियों के लिए एक लेन सुरक्षित रखी जाएगी, जबकि दूसरी लेन पर सीमित यातायात संचालित होगा। मेरठ जिले में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों को मोहिउद्दीनपुर, खरखौदा और टियाला अंडरपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा। गंगा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों को उनके गंतव्य के अनुसार सिंभावली कट, हापुड़ बाईपास, टियाला अंडरपास, किठौर, परीक्षितगढ़, मवाना, रामराज, मीरापुर और जानसठ जैसे वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
बिजनौर, शामली, देहरादून और हरिद्वार जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें और निर्धारित मार्गों का ही पालन करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।
Read More : Party मेन्यू में शामिल करें लखनऊ का शाही स्वाद, हर किसी को आएगी पसंद





