Kanpur News : नई दिल्ली से प्रयागराज जा रही गोरखधाम एक्सप्रेस में रविवार रात उस समय भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जब सफर के दौरान एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ट्रेन के कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की महिला सिपाहियों ने बिना देर किए स्थिति को संभाला और प्लेटफॉर्म पर मौजूद मेडिकल स्टाफ की मदद से ट्रेन के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। प्राथमिक उपचार के बाद जच्चा और बच्चा दोनों को बेहतर देखभाल के लिए उर्सुला अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों की हालत सामान्य बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक प्रयागराज निवासी करीना नई दिल्ली से गोरखधाम एक्सप्रेस के जरिए अपने घर लौट रही थीं। यात्रा के दौरान कानपुर पहुंचने से कुछ पहले उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। महिला की हालत बिगड़ती देख सहयात्रियों ने तुरंत रेलवे अधिकारियों को सूचना दी।
Kanpur News
संदेश मिलते ही कानपुर सेंट्रल स्टेशन के कंट्रोल रूम ने रेलवे सुरक्षा बल और मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया, ताकि ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। रविवार रात जैसे ही गोरखधाम एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची, RPF की महिला सिपाहियां पहले से मौके पर मौजूद थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने प्लेटफॉर्म स्थित मधुराज क्लिनिक की नर्स को तुरंत बुलाया। इसके बाद ट्रेन की बोगी के भीतर गोपनीयता बनाए रखने के लिए पर्दे की व्यवस्था की गई और मेडिकल टीम ने महिला सिपाहियों के सहयोग से सुरक्षित प्रसव कराया। कुछ ही देर में करीना ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया, जिसके बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
मां और नवजात दोनों स्वस्थ
डिलीवरी के बाद रेलवे अधिकारियों ने एंबुलेंस की व्यवस्था कर जच्चा और नवजात को उर्सुला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों की स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकों के अनुसार मां और बच्चा पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस पूरे घटनाक्रम में RPF की महिला सिपाहियों, मेडिकल टीम और रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई की यात्रियों ने जमकर सराहना की। उनकी सूझबूझ और समय पर उठाए गए कदमों की बदौलत चलती ट्रेन में उत्पन्न आपात स्थिति का सफलतापूर्वक सामना किया जा सका।
Read More : UP में मोबाइल से मिलेगा राजमिस्त्री, प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन का काम; सरकार ने लॉन्च किया नया ऐप





