Home » उत्तर प्रदेश » UP में मानसून का कहर, 69 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; बाढ़ और जलभराव से बिगड़े हालात

UP में मानसून का कहर, 69 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; बाढ़ और जलभराव से बिगड़े हालात

UP Weather Alert : उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में हालात बिगड़ने लगे हैं। सोमवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली समेत करीब 20 शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि पूरे प्रदेश में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने सभी जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 69 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण जलभराव, नदी कटान और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। लगातार हो रही बारिश का असर कई जिलों में साफ दिखाई दे रहा है। फिरोजाबाद में सरकारी अस्पताल परिसर में पानी भर गया, जिससे मरीजों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

वहीं, पुलिसकर्मी भी घुटनों तक भरे पानी में जूते हाथ में लेकर निकलते नजर आए। शामली में नहर टूटने से उसके किनारे बनी सड़क करीब 10 फीट तक धंस गई। नहर का पानी आसपास के गांवों और खेतों में फैल गया, जिससे कई बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गई।

UP Weather Alert

पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश का असर उत्तर प्रदेश की नदियों पर भी दिखने लगा है। वाराणसी और प्रयागराज में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। काशी में दशाश्वमेध घाट से पंचगंगा घाट तक स्थित रत्नेश्वर महादेव मंदिर सहित करीब 40 छोटे मंदिरों में पानी भर गया है। बलिया में सरयू और लखीमपुर खीरी में शारदा नदी के किनारे कटान तेज हो गया है, जिससे करीब 100 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान बारिश और आकाशीय बिजली से जुड़े हादसों में सात लोगों की जान चली गई।

मुजफ्फरनगर में कच्चा मकान गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई। वहीं बलिया और चंदौली में धान की रोपाई कर रहे दो किसानों की बिजली गिरने से मौत हो गई। संतकबीरनगर में लगातार बारिश के बीच करीब 300 वर्ष पुराना बाबा बैजूनाथ मंदिर भी ढह गया।

बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच से छह दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम और सक्रिय मानसूनी रेखा के कारण प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज हुई हैं। 22 जुलाई तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद भी तीन से चार दिनों तक कई इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। प्रयागराज में सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज हवा, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के साथ भारी बारिश की संभावना है। झांसी में रविवार रात से लगातार बारिश जारी है, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया है।

वहीं, कानपुर में भी रविवार रात से रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी है और मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान जताया है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे और निचले इलाकों में सतर्क रहने की अपील की है।

REa dm mORE : Sikkim में भारी बारिश से NH-10 पर भूस्खलन, यातायात ठप; राहत कार्य जारी

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?