Delhi Chawri Bazar : शादी की तैयारियों में सबसे बड़ा खर्च वेडिंग कार्ड पर भी आता है। ऐसे में अगर आप कम बजट में आकर्षक और शानदार शादी के कार्ड छपवाना चाहते हैं या प्रिंटिंग से जुड़ा सामान थोक कीमत पर खरीदना चाहते हैं, तो दिल्ली का चावड़ी बाजार आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। यह देश के सबसे बड़े पेपर, प्रिंटिंग और शादी के कार्ड के थोक बाजारों में गिना जाता है, जहां हर दिन हजारों ग्राहक और कारोबारी खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। चावड़ी बाजार की सबसे बड़ी खासियत इसकी किफायती कीमतें और डिजाइन की विशाल रेंज है।
यहां शादी के निमंत्रण कार्ड की शुरुआती कीमत महज 3 से 4 रुपये से शुरू हो जाती है। साधारण कार्ड से लेकर प्रीमियम बॉक्स स्टाइल, लेजर कट, ऐक्रेलिक, फ्लोरल और मॉडर्न थीम वाले सैकड़ों डिजाइन एक ही जगह पर उपलब्ध हैं, जिससे हर बजट के खरीदार अपनी पसंद के अनुसार कार्ड चुन सकते हैं।
Delhi Chawri Bazar
यह बाजार सीधे निर्माताओं और थोक विक्रेताओं का केंद्र है। यही वजह है कि यहां मिलने वाले कार्ड रिटेल बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर उपलब्ध होते हैं। कई ऐसे डिजाइन, जिनकी कीमत सामान्य दुकानों पर 2,000 से 2,500 रुपये तक पहुंच जाती है, वही डिजाइन यहां कहीं अधिक किफायती दरों पर मिल जाते हैं। इससे शादी का कुल बजट काफी हद तक कम किया जा सकता है। चावड़ी बाजार केवल शादी के कार्ड तक सीमित नहीं है। यह पेपर, प्रिंटिंग मशीनों से जुड़ा सामान, पैकेजिंग मटेरियल और स्टेशनरी उत्पादों का भी प्रमुख थोक केंद्र है।
यहां विभिन्न गुणवत्ता और आकार के प्रिंटिंग पेपर, पैकेजिंग सामग्री और अन्य जरूरी उत्पाद आसानी से मिल जाते हैं। यही कारण है कि देशभर से प्रिंटिंग कारोबार से जुड़े व्यापारी भी बड़ी संख्या में यहां खरीदारी करने आते हैं।
कई जरूरी चीजें
इस बाजार के आसपास हार्डवेयर, इलेक्ट्रिकल सामान और सजावटी लाइटों की भी कई थोक दुकानें मौजूद हैं। ऐसे में शादी की तैयारियों से जुड़ी कई जरूरतें एक ही इलाके में पूरी हो जाती हैं। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है। दिल्ली आने वाले कई लोग खास तौर पर शादी के कार्ड, प्रिंटिंग सामग्री और स्टेशनरी खरीदने के लिए चावड़ी बाजार का रुख करते हैं। उचित कीमत, डिजाइनों की भरमार और थोक बाजार की सुविधाओं के कारण यह बाजार आज भी देश के सबसे लोकप्रिय वेडिंग कार्ड और प्रिंटिंग मार्केट में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है।




