Home » उत्तर प्रदेश » UP में 90 साल से बरकरार है इस ठंडाई का स्वाद, दुकान पर आज भी उमड़ती है भीड़; बना शहर की पहचान

UP में 90 साल से बरकरार है इस ठंडाई का स्वाद, दुकान पर आज भी उमड़ती है भीड़; बना शहर की पहचान

UP Lucknow Famous Thandai : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ अपनी तहजीब, अदब और लजीज व्यंजनों के लिए देशभर में मशहूर है। इन्हीं स्वादों में एक नाम ऐसा भी है, जो करीब 90 वर्षों से लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। पुराने लखनऊ के चौक इलाके में स्थित ‘पंडित राजा की मशहूर ठंडाई’ आज भी अपने पारंपरिक स्वाद और खास बनाने के तरीके के कारण लोगों को आकर्षित करती है। गर्मियों के मौसम में यहां हर दिन बड़ी संख्या में लोग ठंडाई का आनंद लेने पहुंचते हैं।

इस प्रतिष्ठित ठंडाई की शुरुआत वर्ष 1936 में पंडित लालजी महाराज ने की थी। उस समय लखनऊ में ठंडाई की कोई विशेष दुकान नहीं थी। शुरुआत में वे राहगीरों को ठंडा पानी पिलाते थे, लेकिन बाद में उन्होंने शरबत और ठंडाई बनानी शुरू की।

UP Lucknow Famous Thandai

धीरे-धीरे यह स्वाद लोगों की जुबान पर चढ़ता गया और समय के साथ यह दुकान शहर की पहचान बन गई। आज पांचवीं पीढ़ी इस विरासत को उसी पारंपरिक अंदाज में आगे बढ़ा रही है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, इस दुकान का उद्घाटन देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने किया था, जिसके बाद इसकी लोकप्रियता और बढ़ गई। बाद में वर्ष 1992 में दुकान को नए स्थान पर स्थानांतरित किया गया और इसका नाम ‘पंडित राजा की मशहूर ठंडाई’ रखा गया। बताया जाता है कि इस नए प्रतिष्ठान का उद्घाटन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था। इसके बाद यह जगह केवल स्वाद ही नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक चर्चाओं का भी प्रमुख केंद्र बन गई।

तैयार होती है खास ठंडाई

इस ठंडाई की सबसे बड़ी खासियत इसका पारंपरिक बनाने का तरीका है। बादाम, पिस्ता, काजू, सौंफ, इलायची, काली मिर्च और केसर जैसे चुनिंदा मेवों और मसालों को रातभर भिगोया जाता है। इसके बाद इन्हें सुबह सिलबट्टे पर पीसकर तैयार किए गए मिश्रण को दूध और केसर के साथ मिलाया जाता है। यही पारंपरिक प्रक्रिया इसे सामान्य ठंडाई से अलग स्वाद और खुशबू देती है।

त्योहारों पर बढ़ जाती है मांग

होली, महाशिवरात्रि और गर्मियों के मौसम में इस ठंडाई की मांग कई गुना बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटक भी इसका स्वाद चखने जरूर पहुंचते हैं। वर्षों से कायम गुणवत्ता और पारंपरिक स्वाद की वजह से पंडित राजा की मशहूर ठंडाई आज भी लखनऊ की खानपान संस्कृति का अहम हिस्सा मानी जाती है और शहर आने वाले लोगों की पसंदीदा जगहों में शामिल है।

Read More : UP में स्थित है एशिया का सबसे बड़ा शॉपिंग मॉल, जिसे घूमने में निकल जाएगा पूरा दिन; जानें खासियत

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?