Lucknow-Kanpur Expressway : लखनऊ और कानपुर के बीच तेज और सुगम सफर का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। सोमवार शाम रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। मंगलवार से इस एक्सप्रेसवे पर आम लोगों के वाहन दौड़ने लगे हैं। सरोजनीनगर स्थित कैप्टन मनोज पांडेय सैनिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। इस दौरान करीब 4,850 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।
उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के लिए कई नई सड़क परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहीद पथ पर एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा और इसी कॉरिडोर के ऊपर मेट्रो चलाने की योजना है।
Lucknow-Kanpur Expressway
इस प्रस्ताव को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा लखनऊ-सीतापुर मार्ग को छह लेन में विकसित करने और किसान पथ के किनारे सर्विस रोड बनाने की भी घोषणा की गई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राजधानी में ट्रैफिक दबाव कम करना और भविष्य की परिवहन जरूरतों को पूरा करना है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आने वाले समय में लखनऊ के आसपास बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश होगा, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
📍लखनऊ, उत्तर प्रदेश
कानपुर-लखनऊ को एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी प्रदान करते हुए और हाईस्पीड सड़क नेटवर्क से उत्तर प्रदेश को विकास की ओर अग्रसर करते हुए आज लखनऊ में ₹4850 करोड़ से अधिक की लागत से 3 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री @rajnathsingh जी के साथ… pic.twitter.com/E9E5LDNHcQ
— Nitin Gadkari (@nitin_gadkari) July 13, 2026
उन्होंने बताया कि शहीद पथ पर करीब 23 किलोमीटर लंबा विश्वस्तरीय मल्टी-लेयर कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिसमें फ्लाईओवर, मेट्रो और मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (एमआरटीएस) को एकीकृत किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगले दो वर्षों में उत्तर प्रदेश में लगभग पांच लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं पर काम होगा, जबकि 1.23 लाख करोड़ रुपये की लागत से आठ ग्रीन एक्सप्रेसवे तैयार किए जाएंगे।
मिलेगी राहत
कार्यक्रम में हरदोई-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण परियोजना के लाभ भी बताए गए। लगभग 541 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फोरलेन मार्ग से इस रूट पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं लखनऊ के इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर लगभग 109 करोड़ रुपये की लागत से एक किलोमीटर लंबा फोरलेन फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके पूरा होने पर जानकीपुरम, अलीगंज, विकास नगर, कुर्सी रोड, खुर्रम नगर और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
होगी आर्थिक रफ्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के हर जिले को फोरलेन सड़कों से जोड़ने की दिशा में योजनाएं आगे बढ़ रही हैं और पांच लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के लिए बाईपास भी विकसित किए जाएंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि किसी भी देश के विकास की बुनियाद मजबूत सड़क, परिवहन, ऊर्जा और संचार व्यवस्था पर टिकी होती है। उन्होंने आनंदनगर-महराजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना का भी जिक्र किया और कहा कि इसके पूरा होने से श्रावस्ती आने वाले बौद्ध श्रद्धालुओं की नेपाल के लुंबिनी तक यात्रा आसान होगी तथा भारत-नेपाल के बीच सड़क संपर्क और मजबूत बनेगा।
Read More : UP Monsoon Update: पहाड़ों की बारिश से उफान पर नदियां, मानसून कमजोर; 25 जिलों में बारिश का अलर्ट





