Home » धर्म » Amarnath Yatra: हिम शिवलिंग के पिघलने से नहीं डिगी श्रद्धालुओं की आस्था, शिवभक्त बोले- “बाबा की गुफा ही सबसे बड़ा दर्शन”

Amarnath Yatra: हिम शिवलिंग के पिघलने से नहीं डिगी श्रद्धालुओं की आस्था, शिवभक्त बोले- “बाबा की गुफा ही सबसे बड़ा दर्शन”

Amarnath Yatra : पवित्र अमरनाथ यात्रा शुरू होने के महज सात दिन बाद हिम शिवलिंग के अंतर्धान होने की खबर ने शुरुआती दौर में श्रद्धालुओं को जरूर निराश किया, लेकिन अब शिवभक्तों की आस्था हर मायूसी पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है। आगरा से यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का कहना है कि उनके लिए केवल हिम शिवलिंग ही नहीं, बल्कि बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा का दर्शन भी उतना ही पुण्यदायी और आध्यात्मिक महत्व रखता है। यही कारण है कि यात्रा को लेकर उनके उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। श्रद्धालुओं का मानना है कि हिम शिवलिंग का बनना और पिघलना प्रकृति का स्वाभाविक चक्र है, जिसका उनकी धार्मिक आस्था से कोई संबंध नहीं है।

उनका कहना है कि भले ही इस बार शिवलिंग के प्रत्यक्ष दर्शन न हो सकें, लेकिन अमरनाथ गुफा की पवित्र मिट्टी और वहां बहने वाली अमरगंगा का जल श्रद्धालुओं को वही आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है। इसी विश्वास के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु तय कार्यक्रम के अनुसार यात्रा पर निकल रहे हैं।

Amarnath Yatra

आवास विकास निवासी श्रद्धालु दीपक ने बताया कि हिम शिवलिंग के अंतर्धान की जानकारी मिलने के बावजूद उनकी आस्था पहले जैसी ही मजबूत है। उनके अनुसार, अमरनाथ गुफा का प्रत्येक कण दिव्यता से भरा हुआ है और वहां की पावन मिट्टी में भगवान शिव का वास माना जाता है। उन्होंने कहा कि अमरगंगा के जल का स्पर्श और गुफा में दर्शन करना ही उनके लिए जीवन का सौभाग्य है, इसलिए यात्रा का कार्यक्रम यथावत रहेगा।

‘भोलेनाथ भाव में बसते हैं, आकार में नहीं’

मधुनगर निवासी मनीष का कहना है कि भगवान शिव की उपासना किसी एक स्वरूप तक सीमित नहीं है। उनके अनुसार, सच्ची भक्ति भाव और विश्वास में होती है, न कि केवल किसी दृश्य रूप में। उन्होंने कहा कि हिम शिवलिंग का अंतर्धान श्रद्धालुओं की श्रद्धा को कमजोर नहीं कर सकता। आगरा के शिवभक्त पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अमरनाथ यात्रा के लिए तैयार हैं और उनका विश्वास है कि बाबा बर्फानी का आशीर्वाद हर भक्त को अवश्य प्राप्त होगा।

Read More : Agra में बनेंगे 225 नए अन्नपूर्णा भवन, सरकारी भवनों से संचालित होंगी राशन की दुकानें

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?