Ayodhya News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार 10 जुलाई को अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के सोहावल पहुंचकर करीब 432 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम के दौरान वे विभिन्न विभागों की कुल 86 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि कई नई विकास योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के विकास को गति देना है। लोकार्पण होने वाली परियोजनाओं में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय मसौधा में ट्रांजिट हॉस्टल और ड्रग वेयर हाउस का निर्माण, बीकापुर में राजकीय महाविद्यालय, पर्यटन विकास से जुड़े कार्य, बहुप्रतीक्षित लोहिया पुल के पास बने डाक बंगले का उद्घाटन, ग्रामीण पेयजल योजनाएं तथा लोक निर्माण विभाग की विभिन्न सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा खिरौनी-सुचित्तागंज और भरतकुंड-भदरसा क्षेत्र के कई वार्डों में इंटरलॉकिंग और अन्य आधारभूत विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया जाएगा। मुख्यमंत्री जिन नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
Ayodhya को CM योगी की सौगात
उनमें बीकापुर तहसील के मऊ में वृहद गो संरक्षण केंद्र, सुरवारी में सामुदायिक केंद्र भवन, कंपोजिट विद्यालय अरथर का उच्चीकरण, राजकीय एवं महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना और बिछिया झील की आर्द्र भूमि का इको-टूरिज्म के रूप में विकास प्रमुख हैं। इसके साथ ही महिला पॉलिटेक्निक से फोरलेन सड़क निर्माण और नगर पंचायत बीकापुर, भरतकुंड-भदरसा तथा खिरौनी-सुचित्तागंज के वार्डों में सड़क, नाली और इंटरलॉकिंग निर्माण कार्यों की भी आधारशिला रखी जाएगी।
जनपद अयोध्या में ₹432 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास हेतु आयोजित कार्यक्रम में… https://t.co/kslBgzMkXH
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 10, 2026
बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
इन परियोजनाओं के पूरा होने से शिक्षा, पर्यटन, सड़क संपर्क, पेयजल, शहरी सुविधाओं और ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। साथ ही गो संरक्षण, इको-टूरिज्म और आधुनिक तकनीकी शिक्षा जैसी योजनाएं स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और बेहतर सुविधाओं के नए अवसर भी तैयार करेंगी। मुख्यमंत्री का यह दौरा अयोध्या जिले में विकास कार्यों को तेज गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Read More : UP में 30 से ज्यादा शहरों में झमाझम बारिश; जलभराव, हादसों और स्कूल बंद होने से जनजीवन प्रभावित





