Home » उत्तर प्रदेश » UP में 30 से ज्यादा शहरों में झमाझम बारिश; जलभराव, हादसों और स्कूल बंद होने से जनजीवन प्रभावित

UP में 30 से ज्यादा शहरों में झमाझम बारिश; जलभराव, हादसों और स्कूल बंद होने से जनजीवन प्रभावित

UP Monsoon News : उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। शुक्रवार सुबह से वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, लखनऊ समेत 30 से अधिक शहरों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में रातभर हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने 49 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। राजधानी लखनऊ में पूरी रात बारिश होती रही, जबकि सुबह कुछ देर रुकने के बाद फिर बूंदाबांदी शुरू हो गई।

लगातार बारिश का असर शहरों की सड़कों और रिहायशी इलाकों में साफ दिखाई दिया। वाराणसी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, हापुड़ और बांदा समेत कई जिलों में सड़कें पानी से लबालब रहीं। प्रयागराज के नैनी इलाके में जलभराव के कारण एक कार नाले में जा गिरी।

UP Monsoon News

बिजनौर में सरकारी स्कूल की दीवार ढह गई, जबकि मेरठ मेडिकल कॉलेज में पानी भरने से ओपीडी प्रभावित हुई। खराब मौसम को देखते हुए मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, मुरादाबाद सहित 13 जिलों में कक्षा 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया। मूसलाधार बारिश के बीच कई जिलों से दर्दनाक हादसों की खबरें भी सामने आईं। बदायूं में कच्चे मकान का लिंटर गिरने से एक महिला की मौत हो गई। संभल में बारिश के दौरान सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि दो लोग घायल हो गए। मुजफ्फरनगर में दो कच्चे मकान ढहने से दो लोग घायल हुए। पिछले 48 घंटों में बारिश और बिजली गिरने से प्रदेश में 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने और प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

नदियों का बढ़ा जलस्तर

बिजनौर में रिकॉर्ड बारिश के बाद गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बैराज से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने नदी किनारे बसे इलाकों की निगरानी बढ़ा दी है। जलभराव और सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण मेरठ-बिजनौर और बालावाली-मंडावर मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। बांदा के कनवारा गांव में घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने राहत और जल निकासी का काम शुरू कराया।

अगले 5 दिन जारी रहेगा सिलसिला

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से बना सक्रिय सिस्टम अब मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच चुका है, जिसका व्यापक असर उत्तर प्रदेश पर दिखाई दे रहा है। इसी वजह से मानसून ने प्रदेश में नई रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदियों और कमजोर भवनों से दूर रहने की अपील की है, जबकि बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों पर अनावश्यक जाने से बचने की सलाह भी दी गई है।

REad More : Chitrakoot में सीएम योगी ने की कामदगिरि परिक्रमा, कामतानाथ और हनुमान जी के किए दर्शन-पूजन

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?