UP Digital Banking Growth : उत्तर प्रदेश में स्मार्टफोन के बढ़ते उपयोग के साथ डिजिटल बैंकिंग तेजी से विस्तार कर रही है। मार्च 2024 के मुकाबले मार्च 2026 तक मोबाइल बैंकिंग ग्राहकों की संख्या 5.02 करोड़ से बढ़कर 10.54 करोड़ हो गई है। यानी सिर्फ दो साल में 110 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। यह राज्य में डिजिटल भुगतान प्रणाली के बढ़ते भरोसे और उपयोग को दर्शाता है। वित्त वर्ष 2025-26 की रिपोर्ट के अनुसार इंटरनेट बैंकिंग उपयोगकर्ताओं की संख्या भी लगातार बढ़ी है।
मार्च 2024 में जहां 4.04 करोड़ लोग इंटरनेट बैंकिंग का उपयोग कर रहे थे, वहीं मार्च 2026 तक यह संख्या बढ़कर 4.95 करोड़ हो गई। इसी अवधि में आधार सक्षम भुगतान प्रणाली (AEPS) के उपयोगकर्ता भी बढ़कर 16.60 करोड़ तक पहुंच गए हैं। वहीं एटीएम सह डेबिट कार्ड की संख्या 12.15 करोड़ दर्ज की गई है।
UP Digital Banking Growth
डिजिटल बैंकिंग के मामले में गौतमबुद्धनगर, लखनऊ और गाजियाबाद राज्य के सबसे आगे वाले जिले बने हुए हैं। प्रति लाख आबादी पर डेबिट कार्ड उपयोग के मामले में गौतमबुद्धनगर 3,09,035 के साथ शीर्ष पर है, जबकि लखनऊ और वाराणसी भी इस सूची में प्रमुख स्थान पर हैं। राज्य के कुल 11 जिलों में डेबिट कार्ड का उपयोग औसत से अधिक पाया गया है। हालांकि, ग्रामीण और सरकार द्वारा चिन्हित संभावनाशील जिलों में डिजिटल बैंकिंग की पहुंच अभी भी राज्य औसत से कम है।
इन जिलों में प्रति लाख आबादी पर डेबिट कार्ड उपयोग लगभग 43,985 है, जो राज्य औसत 58,979 से पीछे है। इसी तरह इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग उपयोग भी इन क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया है।
मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग में भी तेजी
प्रति लाख आबादी पर इंटरनेट बैंकिंग उपयोगकर्ता 19,593 से बढ़कर 24,014 हो गए हैं। वहीं मोबाइल बैंकिंग उपयोगकर्ताओं की संख्या 24,360 से बढ़कर 51,157 तक पहुंच गई है। चित्रकूट जैसे कुछ जिलों ने इस क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है, लेकिन कुल मिलाकर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच डिजिटल बैंकिंग अपनाने में अभी भी अंतर बना हुआ है।
Read More : UP सरकार का बड़ा फैसला, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को राहत; जारी हुई धनराशि सीमा




