Noida International Airport : नोएडा के जेवर स्थित इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को उड़ानों का औपचारिक संचालन शुरू हो गया। इस मौके पर लखनऊ से पहुंची इंडिगो की पहली फ्लाइट का पारंपरिक वाटर कैनन सलामी के साथ स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस पल को ऐतिहासिक बताया। पहली उड़ान के जरिए 161 यात्री आगे बेंगलुरु के लिए रवाना हुए।
एयरपोर्ट परियोजना के लिए अपनी जमीन देने वाले 170 किसानों को भी विशेष विमान से नोएडा से लखनऊ भेजा गया। इस दल में 20 महिला किसान भी शामिल रहीं। पहली बार हवाई यात्रा करने वाले कई किसानों के चेहरे पर उत्साह साफ नजर आया।
Noida International Airport
लखनऊ पहुंचने के बाद उनका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात का कार्यक्रम तय किया गया। व्हीलचेयर की सहायता से यात्रा करने वाली किसान कमलेश ने खुशी जताते हुए कहा कि यह अनुभव उनके लिए यादगार रहेगा और मुख्यमंत्री से मुलाकात का भी बेसब्री से इंतजार है। वहीं किसान रीता ने बताया कि उन्होंने अपनी चार बीघा जमीन परियोजना के लिए दी थी और पहली बार विमान में बैठने का अनुभव बेहद खास रहा। उनका कहना था कि लंबा सफर बेहद कम समय में पूरा हो गया और अब राम मंदिर के दर्शन करने का भी अवसर मिलेगा।
‘जिन खेतों में काम किया, आज वहीं से भरी उड़ान’
किसान शमे मोहम्मद ने कहा कि ऐसा सम्मान पहले कभी नहीं मिला। उनके मुताबिक, वर्षों तक जिन खेतों में मेहनत की, आज उसी क्षेत्र से हवाई जहाज में सफर करना गर्व की बात है। जेवर विधायक वीरेंद्र सिंह ने भी कहा कि यह केवल एक उड़ान नहीं बल्कि क्षेत्र के विकास और किसानों के सम्मान का प्रतीक है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। पहले चरण का निर्माण करीब 3,300 एकड़ क्षेत्र में पूरा किया गया है, जिस पर लगभग 11 हजार करोड़ रुपये की लागत आई है। पूरी परियोजना चार चरणों में विकसित की जा रही है और इसके पूरा होने पर इसे एशिया के सबसे बड़े तथा दुनिया के प्रमुख एयरपोर्ट्स में शामिल किए जाने का लक्ष्य है।
गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश | केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने आज जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। यहां कमर्शियल फ़्लाइट ऑपरेशन की शुरुआत लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सुबह 8:00 बजे आने वाली पहली शेड्यूल्ड इंडिगो फ़्लाइट… pic.twitter.com/Ed3LZxamcU
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 15, 2026
आज से कई नए शहरों के लिए भी शुरू होंगी उड़ानें
एयरपोर्ट से हैदराबाद और अमृतसर के लिए भी नियमित सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इसके अलावा इंडिगो बेंगलुरु और जम्मू के लिए नियमित उड़ानें संचालित करेगी, जबकि अकासा एयर बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए अपनी दैनिक सेवाएं शुरू करेगी। आने वाले समय में बरेली, श्रीनगर, जयपुर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल, चंडीगढ़, किशनगढ़ और देहरादून जैसे शहरों को भी इस एयरपोर्ट से जोड़े जाने की तैयारी है।
उत्तर प्रदेश के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे राज्य की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। बेहतर हवाई सेवाओं के साथ व्यापार, पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
Read More : TMC Political Crisis: लोकसभा में सियासी भूचाल, 20 सांसदों ने अलग गुट बनाकर मांगी ‘असली TMC’ की मान्यता





