UP Police Constable Recruitment Exam 2026 : उत्तर प्रदेश में पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 8 जून से शुरू हो गई है, जो 10 जून तक चलेगी। इस परीक्षा को लेकर प्रदेशभर में अभ्यर्थियों का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। अकेले लखनऊ में 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 1,35,936 उम्मीदवार रजिस्टर्ड हैं। परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले ही हजारों अभ्यर्थी शहर पहुंच गए, जिससे चारबाग रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ देखी गई। देर रात तक स्टेशन और आसपास के इलाकों में उम्मीदवारों का जमावड़ा लगा रहा।
भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने चारबाग स्टेशन पर अस्थायी रैन बसेरे की व्यवस्था की, जहां कूलर, पानी और बैठने की सुविधा दी गई। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने यहीं रात बिताई।
UP Police Constable Recruitment Exam 2026
सुबह परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना होने से पहले छात्रों में तैयारी को लेकर तनाव और उत्साह दोनों देखा गया। कई अभ्यर्थी पहली बार इतनी बड़ी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। यह भर्ती परीक्षा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित की जा रही है। कुल 32,679 पदों के लिए यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में आयोजित हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक चलेगी। लखनऊ में हर पाली में लगभग 22,656 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं।
बस किराए में छूट
परीक्षा को देखते हुए परिवहन निगम ने अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में किराए पर 50% छूट देने का निर्णय लिया है। इससे दूर-दराज से आने वाले छात्रों को काफी राहत मिली है। यह सुविधा परीक्षा अवधि के दौरान लागू रहेगी ताकि उम्मीदवार आसानी से अपने केंद्र तक पहुंच सकें। पूरे प्रदेश में परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी की व्यवस्था की गई है। लखनऊ समेत सभी 75 जिलों के 1183 परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। कमांड कंट्रोल रूम से हर सेंटर की लाइव मॉनिटरिंग हो रही है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल को रोका जा सके।
लखनऊ के एक परीक्षा केंद्र पर एक भावुक घटना सामने आई, जहां एक नवविवाहिता अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने से पहले अपने कंगन और मंगलसूत्र उतारकर पति को देने पड़े। सुरक्षा नियमों के कारण उसे यह कदम उठाना पड़ा, जिसके बाद ही उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिला। यह घटना परीक्षा की सख्ती और अनुशासन को दर्शाती है।
Read More : UP News: लेह-लद्दाख दौरे में 4 सांसदों की तबीयत बिगड़ी, ऑक्सीजन की कमी से मचा हड़कंप





