Home » उत्तर प्रदेश » UP Weather Update: बारिश की विदाई, 47°C तक पहुंच सकता है पारा, 24 जून के तक मानसून आने की संभावना!

UP Weather Update: बारिश की विदाई, 47°C तक पहुंच सकता है पारा, 24 जून के तक मानसून आने की संभावना!

Weather

UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रहे आंधी-बारिश के दौर के बीच रविवार सुबह महाराजगंज में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। करीब डेढ़ घंटे तक हुई बारिश से खेतों में पानी भर गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम पूरी तरह साफ रहा और तेज धूप के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो चुका है। इसके चलते व्यापक बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है।

Weather

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे में तापमान तेजी से बढ़ सकता है और कुछ इलाकों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। 9 जून से 11 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव यानी लू चलने की संभावना जताई गई है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

UP Weather Update

इस बार उत्तर प्रदेश में मानसून सामान्य समय से कुछ दिन देर से पहुंच सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून 24 जून के आसपास गोरखपुर क्षेत्र से प्रदेश में प्रवेश करेगा। आमतौर पर मानसून 18 से 20 जून के बीच यूपी पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी रहने के संकेत हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून आने के बाद लगभग 10 दिनों में पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है। वहीं 11 जून के बाद प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने की संभावना है, जिससे कुछ इलाकों में राहत भरी बारिश देखने को मिल सकती है।

झांसी सबसे गर्म

शनिवार को झांसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बांदा में 42.2 डिग्री, जालौन और फतेहपुर में 41.4 डिग्री तथा वाराणसी में 41.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। रात के तापमान की बात करें तो आजमगढ़ सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। महाराजगंज के पनियरा क्षेत्र में हुई बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। धान की नर्सरी तैयार कर चुके किसानों का कहना है कि इस बारिश से सिंचाई की जरूरत कम होगी और खेती की लागत में भी कमी आएगी। खेतों में पर्याप्त नमी बनने से रोपाई की तैयारी आसान हो जाएगी।

प्रमुख शहरों में ऐसा रहेगा मौसम

भदोही, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर और लखनऊ समेत कई शहरों में रविवार सुबह से तेज धूप देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर तक इन शहरों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। हवा की रफ्तार कम रहने से उमस भी बढ़ेगी। मौसम विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि अगले कुछ दिनों तक दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त पानी पीते रहें और बच्चों, बुजुर्गों तथा बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें क्योंकि प्री-मानसून बारिश शुरू होने से पहले प्रदेश को एक बार फिर भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।

Read More : Noida Weather Alert: 44°C तक पहुंचेगा पारा, अगले 5 दिन झुलसाएगी गर्मी; उमस भी बढ़ाएगी परेशानी

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?