INDIA Alliance Meeting 2026 : देश की राजनीति में विपक्षी एकता को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक के प्रमुख नेताओं की 8 जून को दिल्ली में बैठक होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में कई बड़े क्षेत्रीय और राष्ट्रीय नेता शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों और भाजपा के मुकाबले के लिए साझा रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर रहेगा। बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री रह चुकीं ममता बनर्जी, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी की चर्चा है।
विपक्षी दलों के बीच समन्वय बढ़ाने और भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करने के लिए यह बैठक अहम मानी जा रही है। विभिन्न राज्यों में बदलते राजनीतिक समीकरणों पर भी नेताओं के बीच विस्तार से बातचीत हो सकती है।
INDIA Alliance Meeting 2026
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बैठक का मुख्य एजेंडा भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के खिलाफ विपक्षी दलों की रणनीति को मजबूत करना होगा। हाल के विधानसभा चुनावों के नतीजों और विभिन्न राज्यों में विपक्ष की स्थिति की समीक्षा भी की जा सकती है। इसके अलावा संसद के आगामी सत्र और राष्ट्रीय मुद्दों पर साझा रुख बनाने की कोशिश भी बैठक का हिस्सा हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु की राजनीति से जुड़े कुछ घटनाक्रमों के कारण डीएमके के इस बैठक में शामिल होने को लेकर संशय बना हुआ है।
वहीं, अन्य क्षेत्रीय दलों को साथ लाने की कोशिशें जारी हैं। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी पहले ही सार्वजनिक रूप से INDIA गठबंधन से दूरी बना चुकी है, इसलिए उसके इस बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं मानी जा रही।
ममता बनर्जी उठा सकती हैं बंगाल का मुद्दा
बैठक में पश्चिम बंगाल से जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम भी चर्चा का विषय बन सकते हैं। माना जा रहा है कि ममता बनर्जी राज्य में टीएमसी नेताओं पर कथित हमलों का मुद्दा उठाकर विपक्षी दलों का समर्थन मांग सकती हैं। इससे गठबंधन के भीतर आपसी सहयोग और राजनीतिक संदेश को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। INDIA गठबंधन की पहली औपचारिक बैठक 23 जून 2023 को पटना में आयोजित हुई थी। उस समय बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने की पहल की थी। बैठक में 15 विपक्षी दलों ने हिस्सा लिया था और 2024 लोकसभा चुनाव के लिए साझा रणनीति बनाने की शुरुआत की गई थी।
लोकसभा चुनाव के बाद नए समीकरणों की तलाश
2024 के लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन ने 234 सीटें हासिल की थीं। हालांकि यह आंकड़ा सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत से काफी दूर रहा। इसके बाद कई राज्यों में हुए चुनावों ने विपक्षी दलों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दीं। ऐसे में 8 जून की संभावित बैठक को विपक्षी राजनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां भविष्य की रणनीति और गठबंधन की दिशा को लेकर अहम फैसले सामने आ सकते हैं।
Read More : Immigration Rules 2026: विदेशी नागरिकों के रजिस्ट्रेशन नियम बदले, अब ऑनलाइन अपील की भी मिलेगी सुविधा




