UP Weather Alert : उत्तर प्रदेश में शुक्रवार तड़के आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने कई जिलों में हालात बिगाड़ दिए। सहारनपुर से लेकर वाराणसी, प्रयागराज, झांसी और अयोध्या तक मौसम का कहर देखने को मिला। कई जगहों पर तेज हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे पेड़, बिजली के पोल और होर्डिंग्स गिर गए। प्रदेशभर में मौसम से जुड़े हादसों में अब तक 19 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में तेज तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। प्रशासन को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
UP Weather Alert
सहारनपुर जिले में भारी बारिश के बाद पहाड़ी इलाकों से तेज बहाव के साथ पानी नीचे उतर आया। पानी का बहाव इतना तेज था कि इनोवा, ट्रैक्टर समेत करीब 10 वाहन बह गए। कई बाइकें मलबे में दब गईं। हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
राजधानी लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, जालौन, झांसी और देवरिया समेत करीब 20 जिलों में देर रात से तेज बारिश और तूफान जारी रहा। वाराणसी में बारिश इतनी तेज हुई कि बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के बाहर पानी भर गया। झांसी में करीब 5 क्विंटल वजनी यूनिपोल सड़क पर गिर पड़ा। जालौन में हाईटेंशन लाइन का खंभा सड़क पर गिरने से यातायात ठप हो गया। बिजली के तार सड़क पर फैलने से घंटों जाम लगा रहा। रेलवे ट्रैक पर तार टूटने से कई ट्रेनें भी देरी से चलीं।
कई जिलों में मौतें
तेज आंधी और बारिश से हुए हादसों में सबसे बड़ा नुकसान हमीरपुर में हुआ, जहां निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से 6 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं कौशांबी में कच्चे मकान पर पेड़ गिरने से मां और उसके दो बच्चों समेत चार लोगों की जान चली गई। इसके अलावा, सहारनपुर में 2, प्रतापगढ़, महाराजगंज, अंबेडकरनगर, फतेहपुर, जालौन, देवरिया और रायपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। कई लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।
CM योगी ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में खराब मौसम से हुए नुकसान पर संज्ञान लिया है। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रभावित लोगों को तत्काल मदद पहुंचाई जाए और बिजली, पानी तथा सड़क जैसी जरूरी सेवाओं को जल्द बहाल किया जाए। प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
1 जून तक जारी रहेगा खराब मौसम
लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाओं के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला है। इसके साथ सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने तूफान और बारिश की स्थिति को और मजबूत कर दिया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
अयोध्या और चित्रकूट में भी नुकसान
अयोध्या के सोहावल इलाके में प्राचीन दुर्गा मंदिर पर आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। गर्भगृह के फर्श में भी दरार पड़ गई। वहीं, चित्रकूट में निर्माणाधीन अंबेडकर चौक तेज आंधी और बारिश में ढह गया। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं और जांच की मांग की है। प्रशासन ने दोनों मामलों में रिपोर्ट तलब की है।
Read More : Hamirpur Bridge Collapse: बेतवा नदी पर बन रहे पुल का स्लैब गिरा, 6 मजदूरों की मौत; रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन




