Home » उत्तर प्रदेश » UP Weather Update: नौतपा के चौथे दिन यूपी में मौसम का डबल अटैक, 69 जिलों में बारिश-ओले का अलर्ट; 11 जिलों में हीटवेव

UP Weather Update: नौतपा के चौथे दिन यूपी में मौसम का डबल अटैक, 69 जिलों में बारिश-ओले का अलर्ट; 11 जिलों में हीटवेव

UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में नौतपा के चौथे दिन गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। एक तरफ भीषण गर्मी और लू से लोग परेशान रहे, तो दूसरी ओर कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 69 जिलों में बारिश और तेज आंधी की संभावना है, जबकि 24 जिलों में ओले गिर सकते हैं। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि 31 मई तक प्रदेश में मौसम लगातार बदलता रहेगा।

बारिश और आंधी की संभावना के बावजूद प्रदेश में गर्मी का कहर कम नहीं हुआ है। बांदा गुरुवार को 47.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। कई शहरों में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और लोग धूप से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय करते दिखाई दिए।

UP Weather Update

प्रयागराज में तेज धूप से बचने के लिए एक युवक स्कूटी पर कपड़े का कवर लगाकर निकलता दिखाई दिया। वहीं अयोध्या में गर्मी के बीच चलते ऑटो में अचानक आग लग गई। घटना के बाद यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में आज से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवात भी बना हुआ है। इसी वजह से यूपी के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में 6 से 8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि उमस बनी रहने से लोगों को पूरी राहत मिलने की संभावना कम है।

अगले 5 दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम

  • 28 मई: प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
  • 29 मई: मौसम विभाग के अनुसार लगभग पूरे प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन नमी बढ़ने से उमस बनी रहेगी।
  • 30 मई: प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। लोगों को खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
  • 31 मई: महीने के आखिरी दिन भी मौसम अस्थिर बना रहेगा। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
  • 1 जून: मौसम विभाग के मुताबिक 1 जून से बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी और तापमान दो से तीन डिग्री तक बढ़ सकता है।

बादलों और धूप के बीच बदला मौसम

गोरखपुर में गुरुवार सुबह से मौसम मिला-जुला बना रहा। आसमान में हल्के बादल छाए रहे और बीच-बीच में तेज धूप भी निकलती रही। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडेय ने बताया कि शुक्रवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आंधी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

Agra and Kanpur Weather

आगरा में सुबह से तेज धूप निकली, लेकिन मौसम विभाग ने दोपहर बाद आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। नगर निगम की ओर से चौराहों पर ग्रीन शेड लगाए गए हैं ताकि राहगीरों को धूप से राहत मिल सके। वहीं, कानपुर में भी सुबह से तेज धूप रही। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडे के अनुसार शाम के समय मौसम बदल सकता है और बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

Bareilly and Varanasi Weather

बरेली में आज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है, लेकिन बारिश होने पर इसमें 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। वाराणसी में सुबह का तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया। यहां हवा की रफ्तार 18 किलोमीटर प्रति घंटा रही और नमी 63 प्रतिशत तक पहुंच गई। मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के अनुसार अगले 24 घंटों में शहर में बारिश हो सकती है।

आखिर क्यों बढ़ जाती है गर्मी?

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मई के आखिरी और जून के शुरुआती दिनों में सूर्य की स्थिति ऐसी हो जाती है कि उसकी किरणें सीधे पृथ्वी पर पड़ती हैं। इसी कारण तापमान तेजी से बढ़ता है। निजी मौसम एजेंसी के अनुसार इस दौरान सूर्य मध्य भारत के ऊपर सक्रिय रहता है और कर्क रेखा की ओर बढ़ता है, जिससे गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है।

ज्योतिष शास्त्र में भी नौतपा को खास माना जाता है। मान्यता है कि जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है, तभी नौतपा की शुरुआत होती है। इस अवधि में लगातार नौ दिनों तक तेज गर्मी पड़ती है, इसलिए इसे नौतपा कहा जाता है।

लू से बचना क्यों जरूरी?

डॉक्टरों का कहना है कि लगातार तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। लू लगने पर शरीर का तापमान नियंत्रित करने वाला सिस्टम प्रभावित होने लगता है। समय पर इलाज न मिलने पर यह स्थिति जानलेवा भी साबित हो सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर कम निकलने, ज्यादा पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।

Read More : UP Weather Update: नौतपा के दूसरे दिन यूपी में गर्मी का कहर, 39 शहरों में हीटवेव अलर्ट; आंधी-बारिश से 5 की मौत

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?