IPL 2026 : आईपीएल 2026 के एक मुकाबले के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के बीच खेले गए मैच के दौरान टीम मैनेजर के मोबाइल इस्तेमाल का वीडियो सामने आया है। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है और मामले ने तूल पकड़ लिया है। राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर पर आरोप है कि उन्होंने मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया।
बताया जा रहा है कि यह घटना मैच के 11वें ओवर की है, जब वह खिलाड़ियों के पास बैठकर फोन चलाते नजर आए। खास बात यह रही कि वह युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के ठीक बगल में बैठे थे।
IPL में नया विवाद
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, लोगों ने इसे गंभीर मामला मानते हुए सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई यूजर्स ने इसे एंटी-करप्शन नियमों का संभावित उल्लंघन बताया और जांच की मांग की। क्रिकेट जैसे खेल में इस तरह की घटनाएं हमेशा संवेदनशील मानी जाती हैं। इस मामले पर आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए एंटी-करप्शन सिस्टम पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना बिल्कुल स्वीकार नहीं की जा सकती और पूछा कि उस समय निगरानी करने वाले अधिकारी कहां थे।
Having a MOBILE PHONE IN THE DUGOUT – is a COMPLETELY A NO NO. did this really happen. I hope not. If it did. Then @IPL governing council needs to take IMMEDIATE ACTION https://t.co/AaZpz4KAoL
— Lalit Kumar Modi (@LalitKModi) April 11, 2026
BCCI के नियम
बीसीसीआई के नियम इस मामले में काफी स्पष्ट हैं। PMOA यानी प्लेयर्स और मैच ऑफिशियल्स एरिया प्रोटोकॉल के तहत टीम मैनेजर फोन अपने पास रख सकता है, लेकिन डगआउट में उसका इस्तेमाल पूरी तरह से प्रतिबंधित है। यह नियम मैच के दौरान किसी भी तरह की बाहरी दखल को रोकने के लिए बनाए गए हैं। नियमों के मुताबिक, टीम मैनेजर को केवल ड्रेसिंग रूम में सीमित रूप से फोन इस्तेमाल करने की इजाजत होती है। मैदान के पास या डगआउट में इसका उपयोग सख्त मना है। खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को स्टेडियम पहुंचते ही अपने मोबाइल और स्मार्ट डिवाइस जमा कराने होते हैं।
— Cricket Iconic (@ankanghosh335) April 11, 2026
फ्रेंचाइजी की चुप्पी
अगर वायरल वीडियो को सबूत माना जाता है, तो यह मामला मैच रेफरी और एंटी-करप्शन यूनिट तक पहुंच सकता है। ऐसे मामलों में जांच के बाद सख्त कार्रवाई भी हो सकती है। फिलहाल इस पर आधिकारिक रूप से कोई फैसला नहीं लिया गया है। अब तक इस पूरे मामले पर न तो राजस्थान रॉयल्स की ओर से कोई बयान आया है और न ही आईपीएल प्रबंधन ने कोई प्रतिक्रिया दी है। इस चुप्पी के चलते अटकलें और तेज हो गई हैं।
अब सभी की नजर आईपीएल गवर्निंग काउंसिल पर टिकी है, जो इस मामले की जांच के बाद अगला कदम तय करेगी। अगर नियमों का उल्लंघन साबित होता है, तो आने वाले समय में सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
Read More : RR vs RCB: जायसवाल-सूर्यवंशी की आंधी या पडिक्कल का जवाब





