Maharashtra Govt : महाराष्ट्र में सरकार की महत्वाकांक्षी ‘लाडकी बहिन’ योजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। e-KYC नियमों का पालन नहीं करने पर करीब 68 लाख खातों को बंद कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जिन लाभार्थियों ने तय समय सीमा के भीतर अपनी e-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं की, उनके खाते निष्क्रिय कर दिए गए। इस फैसले के बाद योजना के सक्रिय खातों की संख्या घटकर करीब 1.75 करोड़ रह गई है।
इससे पहले यह आंकड़ा 2.43 करोड़ के आसपास था। हालांकि, सरकार ने राहत देते हुए e-KYC की अंतिम तारीख को बढ़ाकर अब 30 अप्रैल कर दिया है, जो पहले 31 मार्च थी।
Maharashtra Govt का बड़ा कदम
अधिकारियों का कहना है कि जिन खातों को बंद किया गया है, वे पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं। अगर लाभार्थी तय समय के अंदर e-KYC प्रक्रिया पूरी कर लेते हैं, तो उनके खाते दोबारा सक्रिय किए जा सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में कुल खातों की संख्या में बदलाव संभव है। सरकार ने यह कदम कई शिकायतें मिलने के बाद उठाया है। अधिकारियों के अनुसार, बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आए थे, जहां योजना का लाभ सही लोगों तक नहीं पहुंच रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए सत्यापन अभियान चलाया गया और e-KYC को अनिवार्य किया गया।
हर महीने मिलती है आर्थिक मदद
इस योजना के तहत, आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की सहायता दी जाती है। राज्य सरकार इसके लिए हर महीने करीब 3,700 करोड़ रुपये खर्च करती है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। सक्रिय खातों की संख्या कम होने का असर बजट पर भी पड़ा है। वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना का बजट घटाकर 26,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जबकि 2025-26 में यह 36,000 करोड़ रुपये था। बता दें कि इस योजना की शुरुआत 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले की गई थी।
Read More : PhysicsWallah का शेयर IPO प्राइस से काफी नीचे, पढ़ें यहां




