PAN Card Update : आज के समय में Permanent Account Number यानी पैन कार्ड लगभग हर वित्तीय काम के लिए अनिवार्य दस्तावेज बन चुका है। बैंक खाता खोलने से लेकर आयकर रिटर्न भरने, निवेश करने या बड़े लेनदेन तक, ज्यादातर काम इसके बिना पूरे नहीं हो पाते। लेकिन पैन कार्ड का पूरा फायदा तभी मिलता है, जब उसमें दर्ज मोबाइल नंबर और अन्य जानकारी अपडेट हो।
पैन कार्ड से जुड़े कई काम अब ऑनलाइन होते हैं। ऐसे में वेरिफिकेशन के लिए ओटीपी आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ही भेजा जाता है। अगर नंबर पुराना है या बंद हो चुका है तो कई जरूरी सेवाएं अटक सकती हैं। इसलिए विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि पैन से जुड़ी जानकारी समय-समय पर अपडेट करते रहना चाहिए।
PAN Card Update
पैन कार्ड में मोबाइल नंबर बदलने के लिए अब किसी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। यह काम घर बैठे ऑनलाइन भी किया जा सकता है। इसके लिए आपको NSDL या UTI Infrastructure Technology And Services Limited की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा, जहां पैन में बदलाव या सुधार का विकल्प मिलता है। वेबसाइट पर पहुंचने के बाद “Changes/Correction in PAN” का विकल्प चुनना होता है। इसके बाद आवेदनकर्ता को कुछ बुनियादी जानकारी जैसे पैन नंबर, नाम, जन्मतिथि और ईमेल आईडी भरनी होती है। जानकारी दर्ज करने के बाद सिस्टम एक 15 अंकों का टोकन नंबर जारी करता है, जिससे आगे की प्रक्रिया पूरी की जाती है।
अपलोड करें दस्तावेज
इसके बाद आपको जिस जानकारी में बदलाव करना है, उसे चुनना होगा। मोबाइल नंबर बदलने के लिए नया नंबर दर्ज करें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। इनमें पहचान प्रमाण, जन्मतिथि का प्रमाण और फोटो जैसी चीजें शामिल हो सकती हैं। सभी जानकारी सही तरीके से भरने के बाद आवेदन शुल्क जमा करना होता है।
Acknowledgement स्लिप रखना जरूरी
फीस जमा होने के बाद आवेदन पूरा हो जाता है। इसके बाद एक Acknowledgement स्लिप डाउनलोड करने का विकल्प मिलता है। इस स्लिप को संभालकर रखना जरूरी है, क्योंकि इसी की मदद से आप अपने आवेदन की स्थिति बाद में ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।
अगर आप Aadhaar में भी मोबाइल नंबर अपडेट करना चाहते हैं तो यह प्रक्रिया भी काफी सरल है। इसके लिए आधार ऐप डाउनलोड कर लॉगिन करना होता है। ऐप में “Update Aadhaar Online” का विकल्प चुनने के बाद ओटीपी या फेस वेरिफिकेशन के जरिए पहचान की पुष्टि की जाती है। इसके बाद नया मोबाइल नंबर दर्ज कर आवेदन शुल्क जमा करने पर अपडेट की प्रक्रिया पूरी हो जाती है।
Read More : Donald Trump का दावा, ईरान की नौसेना पूरी तरह नष्ट




