Ishan Kishan : टी20 विश्व कप के फाइनल से ठीक पहले भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके परिवार के दो करीबी रिश्तेदारों की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य शादी समारोह में शामिल होने के लिए यात्रा कर रहे थे। खबर मिलते ही पूरा परिवार गहरे सदमे में चला गया। फाइनल मुकाबले से पहले यह घटना टीम इंडिया के इस खिलाड़ी के लिए बेहद कठिन पल लेकर आई।
जब नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय खिलाड़ी फाइनल मुकाबले की तैयारी कर रहे थे, उसी समय ईशान के पिता प्रणव पांडेय एक अलग ही दर्द से गुजर रहे थे। जहां अन्य खिलाड़ियों के परिवार स्टेडियम में अभ्यास और मैच देखने की तैयारी कर रहे थे।
Ishan Kishan की हिम्मत को सलाम
वहीं, ईशान का परिवार हादसे के कारण शोक में डूबा हुआ था। बताया गया कि यह घटना इतनी अचानक हुई कि पूरे परिवार को संभलने का मौका भी नहीं मिला। मिली जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में ईशान किशन की चचेरी बहन और उनके जीजा की मौत हो गई। हालांकि एक राहत की बात यह रही कि उस दंपती के दो छोटे बच्चे, जिनमें एक छह महीने का और दूसरा तीन साल का है, सुरक्षित बच गए। परिवार के लोगों ने बताया कि हादसे की खबर सुनकर सभी लोग बेहद दुखी हैं और अभी भी सदमे से बाहर नहीं आ पाए हैं।
परिवार से मिलने जाना चाहते थे ईशान
परिजनों के मुताबिक ईशान किशन अपने परिवार के पास लौटना चाहते थे, लेकिन टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले के कारण उनके लिए तुरंत जाना संभव नहीं हो पाया। बताया गया कि वह इस घटना से बेहद भावुक हो गए थे, लेकिन उन्होंने खुद को संभालते हुए टीम के लिए मैदान पर उतरने का फैसला किया। यह उनके पेशेवर जज्बे को भी दर्शाता है।
फाइनल में खेली शानदार पारी
दुखद खबर के बावजूद ईशान किशन ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 25 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से चार चौके और चार छक्के निकले। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। ईशान ने इस मैच में संजू सैमसन के साथ मिलकर 48 गेंदों में 105 रन की अहम साझेदारी भी की। इस साझेदारी ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, उन्होंने फील्डिंग में भी शानदार योगदान दिया और तीन महत्वपूर्ण कैच लेकर विपक्षी टीम की वापसी की उम्मीदों को खत्म कर दिया।
पूरे टूर्नामेंट में रहा शानदार प्रदर्शन
पूरे आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के दौरान ईशान किशन का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। आखिरी समय में टीम में जगह पाने वाले इस खिलाड़ी ने नौ मैचों में 193 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए और तीन अर्धशतक लगाए। इस प्रदर्शन के साथ वह टीम इंडिया के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। कठिन परिस्थितियों के बावजूद मैदान पर दिखाया गया उनका यह जज्बा लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
Read More : Jio: बिना डेटा वाले इन 2 रिचार्ज में मिलेगी लंबी वैलिडिटी




