UP News : संभल के चंदौसी तहसील के गांव नरौली में ग्राम समाज की भूमि पर छह साल पहले अवैध तरीके से बनाए गए मदरसे को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। यह मदरसा गाटा संख्या 1635 व 1636 की 225 वर्ग मीटर भूमि पर बंजारी कुआं के नाम से संचालित किया जा रहा था। मौके पर कार्रवाई से पहले प्रशासन को शिकायत मिली। आठ सितंबर 2023 को लेखपाल ने जमीन की पैमाइश कर अवैध कब्जे की रिपोर्ट प्रेषित की। इसके बाद जून 2024 में ध्वस्त करने के आदेश जारी हुए, लेकिन मदरसा कमेटी ने एडीएम कोर्ट में अपील कर दी। कोर्ट ने अपील खारिज कर दी और गुरुवार को धारा-67 के तहत मदरसा ध्वस्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
एसडीएम आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में दो नायब तहसीलदार और लेखपालों की टीम दो बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। मदरसे को खाली कराते हुए उसका ध्वस्तीकरण किया गया। टीम ने बताया कि मदरसा छह साल पहले बनवाया गया था और ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा था।
UP के संभल में अवैध मदरसा ध्वस्त
ध्वस्तीकरण के दौरान मदरसे में पढ़ने वाले बच्चों को गांव में ही निजी भूमि पर बने दूसरे मदरसे में शिफ्ट किया गया। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि बच्चों की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी गई और उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया।
एसडीएम आशुतोष तिवारी ने बताया कि गाटा संख्या 1635 और 1636 पर अभी कई और मकान भी अवैध रूप से बने हुए हैं। उनके खिलाफ भी प्रशासन जल्द कार्रवाई करेगा। यह कदम स्थानीय प्रशासन की नियम पालन और ग्राम समाज की संपत्ति की सुरक्षा को सुनिश्चित करने की नीति का हिस्सा है।
गांव में प्रशासन का संदेश
ध्वस्तीकरण के बाद प्रशासन ने गांववासियों को संदेश दिया कि ग्राम समाज की जमीन पर कोई भी अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Read More : Colombo में होगा भारत-पाक मैच, एक फोन कॉल ने बदला पाकिस्तान का रुख




