Home » उत्तर प्रदेश » UP News: कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर जाम में फंसा बीमार युवक, इलाज न मिलने से हुई मौत

UP News: कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर जाम में फंसा बीमार युवक, इलाज न मिलने से हुई मौत

UP
UP

UP News : कानपुर-हमीरपुर हाईवे गुरुवार देर रात एक बार फिर मौत का गवाह बना। सुमेरपुर से हमीरपुर के बीच लगे लंबे जाम ने 32 वर्षीय युवक की जान ले ली। कम्हरिया गांव के पास जाम में फंसी कार में बैठे संजय यादव को समय पर इलाज नहीं मिल सका और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। जलालपुर क्षेत्र के धौहल बुजुर्ग गांव निवासी संजय यादव की तबीयत शादी समारोह के दौरान बिगड़ी थी। खून की उल्टियों की शिकायत पर स्वजन पहले उन्हें मौदहा सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हालत संभलने की बजाय और बिगड़ती चली गई।

रात करीब तीन बजे तबीयत ज्यादा खराब होने पर संजय को दोबारा सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर बताकर जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया। स्वजन बिना समय गंवाए कार से हमीरपुर के लिए निकले, लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ता ही सबसे बड़ी बाधा बन जाएगा।

UP News: कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर जाम में फंसा बीमार युवक

सामान्य हालात में 20 किमी की दूरी आधे घंटे से भी कम में तय हो जाती है, लेकिन उस रात हाईवे पर वाहनों का सैलाब और अव्यवस्था थी। सुमेरपुर-हमीरपुर के बीच कार जाम में फंस गई। आगे निकलने का कोई रास्ता नहीं था, न पुलिस मदद, न एंबुलेंस कॉरिडोर। जैसे-जैसे मिनट गुजरते गए, संजय की हालत बिगड़ती चली गई। कम्हरिया गांव के पास पहुंचते-पहुंचते उन्होंने दम तोड़ दिया। भाई बब्बू यादव का कहना है कि अगर समय पर रास्ता मिल जाता तो शायद जान बच सकती थी। शव लेकर स्वजन वापस घर लौट आए।

पहले भी निगल चुका है जाम जिंदगियां

यह पहला मामला नहीं है। इसी हाईवे पर पहले भी जाम में फंसने से एक गर्भवती महिला और एक प्रसूता के नवजात की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद न तो ट्रैफिक प्रबंधन सुधरा और न ही आपात मरीजों के लिए कोई ठोस व्यवस्था बनाई गई। जाम की शुरुआत बेतवा पुल पर खराब डंपर से हुई। सहालग के चलते ट्रैफिक पहले से ज्यादा था। फिर अलग-अलग जगहों पर खराब वाहन और सड़क हादसों ने हालात बदतर कर दिए। करीब 20 किमी तक वाहन रेंगते रहे और पूरी रात हाईवे ठप रहा।

पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी है और जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित किया गया है। फिलहाल, हर तरह की प्रशासनिक कार्रवाई जारी है।

Read More : Air India ने ड्रीमलाइनर फ्यूल स्विच में खराबी से किया इनकार

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?