ICC T20 World Cup 2026 : टी20 वर्ल्ड कप 2026 की उलटी गिनती शुरू होने से पहले ही भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट को लेकर टकराव खुलकर सामने आ गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पहले ही अपने खिलाड़ियों को भारत भेजने से इनकार कर दिया था और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद से यह मांग की थी कि उनके मुकाबले भारत से बाहर कराए जाएं। हालांकि, आईसीसी ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद और गहरा गया।
मामले को लंबा खिंचता देख आईसीसी ने अब बांग्लादेश को स्पष्ट समयसीमा दे दी है। बोर्ड से कहा गया है कि वह 21 जनवरी तक यह साफ कर दे कि वह टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगा या नहीं। साथ ही यह भी बताना होगा कि टीम भारत में मैच खेलने के लिए तैयार है या नहीं। इस तारीख के बाद अंतिम फैसला आईसीसी खुद लेगी।
ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम को दिया अल्टीमेटम
डेडलाइन मिलने के बावजूद बांग्लादेश ने अपना रुख नहीं बदला है। बोर्ड ने फिर दोहराया है कि वह विश्व कप में खेलना चाहता है, लेकिन उसकी टीम भारत नहीं जाएगी। बांग्लादेश का कहना है कि उसके मैचों के वेन्यू शिफ्ट किए जाएं, ताकि खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह का जोखिम न रहे।
आईसीसी के सूत्रों के मुताबिक, अगर बांग्लादेश ने भारत में मैच खेलने से साफ इनकार किया, तो उसे टूर्नामेंट से बाहर किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में आईसीसी किसी अन्य देश को रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल करेगी। मौजूदा रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है।
विवाद की शुरुआत
यह पूरा विवाद 4 जनवरी को तब शुरू हुआ, जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को पत्र लिखकर अपने मैच भारत से बाहर कराने की मांग रखी। यह कदम बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान से जुड़े घटनाक्रम के बाद उठाया गया, जिन्हें भारत में बढ़ते विरोध के बीच आईपीएल 2026 से रिलीज किया गया था। इसके बाद बीसीबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत नहीं आने का फैसला लिया।
सुरक्षा रिपोर्ट बनी मुद्दा
बीसीबी का दावा है कि आईसीसी की स्वतंत्र सुरक्षा एजेंसी की रिपोर्ट में भारत में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान हमले की आशंका जताई गई है। इसी रिपोर्ट को आधार बनाकर बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा पर सवाल उठाए और मैच शिफ्ट करने की मांग रखी। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा से जुड़ी एडवाइजरी सभी 20 भाग लेने वाले देशों को भेजी गई है। इसमें किसी एक देश का नाम नहीं लिया गया और केवल मध्यम से उच्च स्तर के खतरे की सामान्य संभावना जताई गई है। इसी वजह से बांग्लादेश की मांग को स्वीकार नहीं किया गया।
21 जनवरी के बाद होगा बड़ा फैसला
अब सभी की नजरें 21 जनवरी पर टिकी हैं। इसी दिन यह तय होगा कि बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा रहेगा या किसी और टीम को उसकी जगह मौका मिलेगा। इस फैसले का असर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट राजनीति पर भी साफ दिखाई देगा।
Read More : Vijay Hazare Trophy का फाइनल आज, तीसरी बार खिताब जीतने उतरेगी सौराष्ट्र; 1.30 बजे शुरू होगा मैच





