Iran : ईरान में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल और अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच बुधवार रात एक ऐसा फैसला सामने आया, जिसने दुनिया भर की एयरलाइंस को सतर्क कर दिया। ईरान ने कुछ घंटों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया। यह वही इलाका है, जहां से होकर यूरोप, अमेरिका और मध्य एशिया जाने वाली दर्जनों अंतरराष्ट्रीय उड़ानें गुजरती हैं। फैसले के तुरंत बाद कई फ्लाइट्स को रास्ता बदलना पड़ा, तो कुछ को रोकना पड़ा। साथ ही यात्रियों से अपील की गई कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले फ्लाइट स्टेटस जरूर जांच लें।
ईरान के इस कदम का असर भारत की प्रमुख एयरलाइंस पर भी पड़ा। इंडिगो और एयर इंडिया ने अपने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की। दोनों कंपनियों ने साफ किया कि कुछ उड़ानों में देरी हो सकती है, कुछ को वैकल्पिक रूट से उड़ाया जाएगा और कुछ को मजबूरी में रद्द करना पड़ सकता है।
Iran ने बंद किया एयरस्पेस
एयर इंडिया ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बताया कि ईरान के ऊपर से गुजरने वाली फ्लाइट्स को अब दूसरे रास्तों से भेजा जा रहा है, जिससे उड़ान का समय बढ़ गया है। जिन रूट्स पर यह संभव नहीं था, वहां उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। कंपनी ने दिल्ली-न्यूयॉर्क, दिल्ली-न्यूर्क और मुंबई-न्यूयॉर्क जैसी कम से कम तीन लंबी दूरी की उड़ानों को कैंसिल करने की पुष्टि की है।
इंडिगो ने दी ये सुविधा
इंडिगो ने सोशल मीडिया के जरिए यात्रियों को जानकारी दी कि ईरान के एयरस्पेस बंद होने से उसकी कुछ अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। एयरलाइन ने कहा कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और यात्रियों को रीबुकिंग या रिफंड जैसे विकल्प दिए जा रहे हैं। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह स्थिति उसके नियंत्रण से बाहर है।
दी गई सलाह
एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी फ्लाइट से जुड़ी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर नियमित रूप से चेक करें। जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं, वे बिना अतिरिक्त शुल्क के रीबुकिंग या रिफंड का विकल्प चुन सकते हैं। एयरपोर्ट जाने से पहले कस्टमर केयर से संपर्क करना भी फायदेमंद रहेगा। बताया जा रहा है कि ईरान में आर्थिक संकट और सरकार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों ने हालात को और संवेदनशील बना दिया है।
अमेरिका की ओर से सख्त रुख और हस्तक्षेप की चेतावनियों के बाद ईरान ने यह एहतियाती कदम उठाया। हालांकि, कुछ घंटों बाद एयरस्पेस फिर खोल दिया गया, लेकिन कई एयरलाइंस अब भी जोखिम से बचते हुए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर रही हैं। आने वाले दिनों में हालात पर सबकी नजर बनी रहेगी।
Read More : Supreme Court में ममता बनर्जी और ईडी की जद्दोजहद, हाईकोर्ट में भीड़तंत्र का मामला उठाया





