Team India : न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के चयन को लेकर हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आज चयन समिति भारतीय वनडे टीम का एलान कर सकती है। इस बार टीम चयन सिर्फ प्रदर्शन नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की फिटनेस पर भी पूरी तरह निर्भर है। कई सीनियर और प्रमुख खिलाड़ी हाल ही में चोट या वर्कलोड मैनेजमेंट से जूझते रहे हैं, ऐसे में हर नाम पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।
वनडे टीम को लेकर सबसे सुकून देने वाली खबर रोहित शर्मा और विराट कोहली की फॉर्म को लेकर है। दोनों ने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा लिया और बल्ले से दमदार प्रदर्शन किया।
Team India कि फिटनेस रिपोर्ट
खास बात यह है कि फिटनेस रिपोर्ट में रोहित पूरी तरह फिट बताए गए हैं, जिससे उनका चयन लगभग तय माना जा रहा है। विराट का नाम भी चयन के लिए उपलब्ध खिलाड़ियों की सूची में शामिल है।
फिटनेस रिपोर्ट के मुताबिक, वनडे कप्तान शुभमन गिल पूरी तरह स्वस्थ हैं और चयन के लिए उपलब्ध हैं। उनके अलावा यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरैल, केएल राहुल, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी और प्रसिद्ध कृष्णा भी फिट घोषित किए गए हैं।
शमी की वापसी पर फिर संशय
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लेकर उम्मीद लगाए बैठे फैंस को इस बार भी निराशा मिल सकती है। फिट और उपलब्ध खिलाड़ियों की सूची में उनका नाम नहीं है। इससे संकेत मिलते हैं कि शमी की अंतरराष्ट्रीय वापसी अभी और टल सकती है। यह भी सवाल उठने लगे हैं कि लंबे समय से फिटनेस से जूझ रहे शमी को चयनकर्ता किस रणनीति के तहत देख रहे हैं। हार्दिक पांड्या का नाम भी चयन के लिए उपलब्ध खिलाड़ियों में नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, वह फिलहाल विजय हजारे ट्रॉफी पर फोकस कर रहे हैं, जहां वह दो मुकाबले खेलेंगे। 50 ओवर के प्रारूप में पर्याप्त गेंदबाजी न कर पाने के चलते चयनकर्ताओं ने उन्हें वनडे टीम से दूर रखने का फैसला किया है। टी20 विश्व कप की तैयारी को ध्यान में रखते हुए उन्हें सीमित ओवर ही गेंदबाजी करने दी जाएगी।
श्रेयस अय्यर की फिटनेस पर नजर
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल हुए वनडे उप-कप्तान श्रेयस अय्यर की फिटनेस भी चर्चा में है। उनका एक फिटनेस टेस्ट दो जनवरी को हो चुका है। अब अंतिम फिटनेस टेस्ट से पहले वह छह जनवरी को विजय हजारे ट्रॉफी में आरटीपी मैच खेलेंगे। इस मुकाबले के बाद ही उनके चयन पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
Read More : SSC स्टेनोग्राफर परीक्षा का बड़ा अपडेट, फाइनल आंसर-की जारी; रिजल्ट की उलटी गिनती शुरू





