Sehore News : सीहोर जिले में एक निजी न्यूज़ चैनल से जुड़े पत्रकार प्रमोद शर्मा और रजत दुबे के साथ कथित मारपीट और पुलिसिया व्यवहार को लेकर अब विरोध की आवाज शैक्षणिक परिसरों तक पहुंच गई है। बता दें कि सोमवार को माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के छात्रों ने इस घटना के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर पूरे मामले को लोकतंत्र से जोड़ते हुए गंभीर सवाल खड़े किए। जिसे लेकर आज राजधानी भोपाल के माखनपुरम चौराहे पर छात्रों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसमें भारी संख्या में स्टूडेंट्स की मौजूदगी रही।
इस दौरान दादा माखनलाल चतुर्वेदी की प्रतिमा के नीचे छात्रों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। प्रतिमा पर माल्यार्पण कर छात्रों ने सरकार से सद्बुद्धि की कामना की और पत्रकारों पर हुए हमले को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा प्रहार बताया।
Sehore News: दी चेतावनी
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मीडिया छात्र प्रतीत चांडक ने कहा कि यह आंदोलन किसी दल या राजनीति के खिलाफ नहीं है, बल्कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के पक्ष में है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब तक इस मामले में आष्टा थाने के टीआई पर एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक मीडिया छात्रों की यह आवाज़ शांत नहीं होगी। वहीं, छात्र संगठन हिंदी परिवार के प्रमुख ओंकार अवस्थी ने कहा कि जब राजधानी से महज 60 किलोमीटर की दूरी पर पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार हो सकता है, तो प्रदेश में निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता की कल्पना करना कठिन हो जाता है। उन्होंने इसे एक चेतावनी बताया। साथ ही कहा कि यदि अभी सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में हालात और बिगड़ सकते हैं।
कार्रवाई की उठी मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि इस घटना में जिन पुलिस अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है, उन पर तत्काल कार्रवाई की जाए। खासतौर पर आष्टा टीआई के निलंबन की मांग जोर-शोर से उठी, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और पत्रकार सुरक्षित माहौल में काम कर सकें।
ये लोग रहे शामिल
छात्रों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन किया और अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन तक पहुंचाने की कोशिश की। इस विरोध में प्रिंस चौधरी, अमन पठान, उद्यांश पांडे, आदर्श पांडे, सत्यम मिश्रा, तनय शर्मा, पार्थ गौतम, दिव्यांशु पटेल, नितेश, हिमांशु, सौरव केशव, आशीष मावई और अभिषेक सहित कई छात्र मौजूद रहे
Read More: Screen Time Effects on Brain: 5 मिनट भी फोन से दूर रहना है मुश्किल? एंग्जायटी का हो सकता है खतरा!





