Earthquake in Gujarat : शुक्रवार की सुबह गुजरात के कच्छ जिले में उस वक्त हलचल मच गई, जब अचानक धरती कांप उठी। नींद में डूबे लोग झटकों से जाग गए और कुछ ही पलों में घरों से बाहर निकल आए। भूकंप के ये झटके इतने साफ महसूस हुए कि कई इलाकों में लोग कुछ देर तक सहमे रहे। शुरुआती रिपोर्ट्स में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। न तो किसी इमारत के गिरने की खबर है और न ही किसी के घायल होने की पुष्टि हुई है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 दर्ज की गई। यह झटका सुबह करीब 4 बजकर 30 मिनट पर आया। भूकंप का केंद्र कच्छ जिले के भीतर ही स्थित था, जिससे आसपास के क्षेत्रों में भी कंपन महसूस की गई।
Earthquake: 4.4 रही तीव्रता
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन के लगभग 10 किलोमीटर नीचे था। विशेषज्ञों का मानना है कि उथली गहराई में आने वाले भूकंप अपेक्षाकृत ज्यादा महसूस होते हैं, यही वजह रही कि मध्यम तीव्रता के बावजूद झटके साफ तौर पर महसूस हुए। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। कई मोहल्लों में लोग घबराकर बाहर निकल आए और कुछ समय तक खुले स्थानों पर ही खड़े रहे।
संवेदनशील इलाका
कच्छ जिला भूकंपीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है। यह इलाका ‘सीस्मिक जोन-5’ में आता है, जो देश का सबसे उच्च जोखिम वाला भूकंपीय क्षेत्र है। यहां पहले भी कई बार हल्के से मध्यम तीव्रता के भूकंप दर्ज किए जा चुके हैं। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें सतर्क हैं। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन किसी भी संभावित आफ्टरशॉक को देखते हुए निगरानी जारी रखी जा रही है। लोगों से भी अपील की गई है कि अफवाहों से बचें और जरूरत न हो तो घबराएं नहीं।
Read More : Indian Railways: आज से ट्रेन में सफर करना हुआ महंगा, टिकट के दामों में हुई जबरदस्त बढ़ोतरी





