Nagpur Factory Accident : महाराष्ट्र के नागपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जिसने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। बुटीबोरी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक सोलर पैनल निर्माण फैक्ट्री में अचानक पानी की टंकी फट गई। यह हादसा सुबह करीब 9.30 बजे उस वक्त हुआ, जब मजदूर रोज की तरह काम में जुटे हुए थे। तेज धमाके के साथ टंकी फटने से फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में बिहार के 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी मृतक काम के सिलसिले में महाराष्ट्र गए थे और परिवार की आजीविका चलाने के लिए फैक्ट्री में मेहनत कर रहे थे।
Nagpur Factory: सीएम ने की मदद की घोषणा
हादसे की खबर जैसे ही उनके गांवों तक पहुंची, वहां मातम पसर गया। इस घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए मृत मजदूरों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षति अपूरणीय है और राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नागपुर में घायल बिहार के मजदूरों का समुचित और बेहतर इलाज सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी।
आयुक्त को सौंपी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने दिल्ली में बिहार के स्थानिक आयुक्त को निर्देशित किया है कि वे मौके की स्थिति पर नजर रखें। साथ ही यह भी देखे कि मृत मजदूरों के पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक उनके पैतृक गांवों तक पहुंचाए जाएं। वहीं, बिहार के डिप्टी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि नागपुर में हुए इस भीषण हादसे की खबर से मन व्यथित है। उन्होंने कहा कि सरकार मृतकों के परिजनों और घायलों की हर संभव मदद कर रही है और ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
Read More : New Year 2026: घर में शिवलिंग की स्थापना से बदल सकती है किस्मत! नए साल से पहले जानिए महादेव का सही स्थान





