TVS Founder Success Story : कई बार इतिहास उन लोगों को याद रखता है, जिन्होंने सीमित साधनों से असीम संभावनाओं को जन्म दिया। टीवीएस ग्रुप की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। आज जिस TVS को भारत की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों में गिना जाता है, उसकी नींव एक ऐसे व्यक्ति ने रखी थी, जिसने अपने समय से आगे सोचने का साहस दिखाया। टीवी सुंदरम अयंगर का जन्म 22 मार्च 1877 को तमिलनाडु के तिरुक्कुरंगुडी गांव में हुआ था। पढ़ाई में तेज होने के कारण उन्होंने कानून की शिक्षा हासिल की। शुरुआती जीवन में उन्होंने वकालत के जरिए पहचान बनाने की कोशिश की, लेकिन उनका मन किसी बंधी-बंधाई नौकरी में नहीं लगा।
वकालत के बाद उन्होंने रेलवे और फिर बैंक में काम किया। इन नौकरियों ने उन्हें देश की अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था को करीब से देखने का मौका दिया। यहीं से उन्हें यह अहसास हुआ कि भारत में संगठित परिवहन की भारी कमी है और यही कमी एक बड़ा अवसर बन सकती है।
TVS: 1911 में हुआ शुरू
साल 1911 में टीवी सुंदरम अयंगर ने ‘टीवी सुंदरम अयंगर एंड संस लिमिटेड’ की शुरुआत की। मदुरै से शुरू हुई उनकी बस सेवा उस दौर में एक साहसिक कदम मानी गई। जब सड़क परिवहन अभी शैशव अवस्था में था, तब उनकी बसें मद्रास प्रेसीडेंसी में लोगों के लिए भरोसेमंद साधन बन गईं। अयंगर केवल बसें चलाने तक सीमित नहीं रहे। उन्होंने जल्दी ही समझ लिया कि व्यापार को टिकाऊ बनाने के लिए विविधता जरूरी है। परिवहन के साथ-साथ उन्होंने ऑटो सर्विस और डिस्ट्रीब्यूशन जैसे क्षेत्रों में भी कदम बढ़ाए, जिससे कंपनी की पकड़ बाजार में मजबूत होती चली गई।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में पहचान
द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जब ईंधन की भारी किल्लत हुई, तब कई व्यवसाय ठप पड़ गए। लेकिन अयंगर ने इस चुनौती को अवसर में बदला। उन्होंने TVS Gas Plant की स्थापना की और वैकल्पिक समाधान पेश किया। इसी दौरान रबर रिट्रेडिंग जैसे नए क्षेत्रों में भी कंपनी ने प्रवेश किया। 1950 के दशक में TVS की सहायक कंपनी मद्रास ऑटो सर्विस ने बड़ा मुकाम हासिल किया। यह भारत में जनरल मोटर्स की सबसे बड़ी डीलर बन गई। इस साझेदारी ने TVS को ऑटोमोबाइल उद्योग में एक नई पहचान दिलाई और भविष्य की दिशा तय कर दी।
परिवार ने संभाली विरासत
1955 में टीवी सुंदरम अयंगर के निधन के बाद उनके बेटे टी.एस. राजम, टी.एस. संथानम, टी.एस. श्रीनिवासन और टी.एस. कृष्णा ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में कंपनी का विस्तार किया और पिता के सपने को आगे बढ़ाया। आज TVS Group ऑटोमोबाइल कंपनी के साथ-साथ बहुआयामी कारोबारी समूह है। बाइक, टायर, ऑटो पार्ट्स, फाइनेंस और आईटी सेवाओं तक इसका विस्तार है। करीब 8.5 अरब डॉलर के सालाना कारोबार और 60 हजार से अधिक कर्मचारियों के साथ यह समूह भारतीय उद्योग का मजबूत स्तंभ बन चुका है।
Read More: Shani Dev: ऋषि पिप्पलाद ने शनि देव को इसलिए किया था दंडित, आज भी लोगों पर पड़ता है प्रभाव!




