NEET Exam : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शामिल होने वाले छात्रों के लिए मुरादाबाद सिटी परिवहन विभाग ने एक अहम राहत की घोषणा की है। परीक्षा के दिनों में अभ्यर्थियों को ई-बसों के किराये में 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी, जिससे उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आसानी होगी। यह छूट 20 और 21 जून को लागू रहेगी। इन दो दिनों में परीक्षा देने वाले छात्र इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। विभाग का उद्देश्य परीक्षा के दौरान छात्रों को समय पर और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है, ताकि किसी प्रकार की देरी या परेशानी न हो।
सिटी बस प्रबंधक (संचालन) बाबर खान के अनुसार, छूट का लाभ केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा जो यात्रा के दौरान अपना NEET एडमिट कार्ड बस परिचालक को दिखाएंगे। एडमिट कार्ड के सत्यापन के बाद ही किराये में छूट लागू की जाएगी।
NEET Exam
नीट परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में छात्रों के मुरादाबाद स्थित विभिन्न केंद्रों पर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यह निर्णय छात्रों के लिए राहत भरा माना जा रहा है। परिवहन विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था से छात्रों को आवागमन में कोई कठिनाई नहीं होगी। वर्तमान में सिटी ई-बसों का किराया दूरी के अनुसार 5 रुपये से 24 रुपये तक है। छूट लागू होने के बाद अभ्यर्थियों को इस किराये का केवल आधा भुगतान करना होगा, जिससे उनकी यात्रा लागत काफी कम हो जाएगी।
छात्रों से की गई अपील
परिवहन विभाग ने सभी नीट अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपना एडमिट कार्ड साथ रखें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना एडमिट कार्ड के छूट का लाभ नहीं दिया जाएगा, इसलिए छात्रों को इसे अनिवार्य रूप से अपने पास रखना होगा।





