पटना. गुरुवार को बिहार में कोरोनावायरस के सात नए मरीजों की पुष्टि हुई है। रोहतास में दो नए मरीज मिले हैं। सासाराम के 70 वर्षीय पुरुष और 56 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा औरंगाबाद, जहानाबाद, भागलपुर, शिवहर और किशनगंज में एक-एक मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 549 पहुंच गई है। बुधवार को सात केस सामने आए थे।
बिहार में 205 मरीज स्वस्थ हुए, रिकवरी रेट 37 प्रतिशत
बिहार में कोरोनावायरस से अब तक 205 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। पिछले 72 घंटे में 79 लोग स्वस्थ हुए हैं। राज्य का रिकवरी रेट 37.47 प्रतिशत है। तीन दिन पहले यह 25 प्रतिशत के आसपास था। बक्सर, रोहतास, नालंदा और सीवान में तेजी से मरीज ठीक हो रहे हैं।